मप्र ने समय सीमा से पहले नक्सलवाद को खत्म करने में प्राप्त की सफलता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

युगवार्ता    19-May-2026
Total Views |
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में सुशासन के प्रयासों की दी जानकारी


दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन किए


- मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में सुशासन के प्रयासों की दी जानकारी

भोपाल, 19 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश ने केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा से पहले नक्सल समस्या का उन्मूलन करने में सफलता प्राप्त की है। प्रदेश में नक्सलवाद से प्रभावित जिलों में विशेष प्रयासों से सफलता प्राप्त की गई। जहां अनेक इनामी नक्सलवादियों ने समर्पण किया, वहीं अनेक नक्सल तत्वों का सफाया भी किया गया। जवानों और सुरक्षा बलों को आवश्यक प्रोत्साहन भी दिया गया। नागरिकों के मन में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में सम्पन्न मध्य क्षेत्रीय बैठक में प्रदेश में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और सुशासन के प्रयासों की जानकारी दे रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित 'मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक' में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सहभागिता करते हुए सहकारिता, साइबर सुरक्षा, शिक्षा, शहरी विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, डिजिटल अधोसंरचना विकास, दूध उत्पादन आदि क्षेत्रों में मध्यप्रदेश की प्रगति की जानकारी साझा की।

नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र के लिये 330 करोड़ रुपये की माइक्रो डेवलपमेंट योजना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में 'नक्सल मुक्त भारत' के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संपूर्ण प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों के विकास के लिए नए लक्ष्य तय किए गए हैं। नक्सलवाद से प्रभावित रहे ग्रामों के लिए 330 करोड़ रुपये लागत की माइक्रो डेवलपमेंट योजना लागू की गई है। अलग-अलग योजनाओं के तहत सड़क, पुल, मोबाइल टॉवर, नई सुरक्षा व्यवस्थाएं स्थापित की जा रही हैं।

सुशासन पर हुई विशेष चर्चा

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में सुशासन पर विशेष चर्चा हुई। इसके साथ ही जनकल्याण, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर भी सार्थक विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मेजबान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित थे। मध्य प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी बैठक में भागीदारी की। बैठक में अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक के साथ अन्य गतिविधियों में लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक के साथ अन्य गतिविधियों में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रवास के प्रथम दिन जगदलपुर में नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और तीन राज्यों छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्रियों से भेंट एवं चर्चा की। प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में भागीदारी की।

छत्तीसगढ़ की कला की सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बस्तर में पारम्परिक लोक नृत्यों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के साथ ही विभिन्न कला शिल्पों और वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कला की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक कलाएं और लोक कलाकार प्रतिभा के धनी हैं। मध्य प्रदेश की कलाओं का भी छत्तीसगढ़ की कलाओं से काफी साम्य है। दोनों राज्यों के शिल्पी भी अपने हुनर के लिए पूरे देश में जाने जाते हैं।

मां दंतेश्वरी देवी के दर्शन और विज्ञान केंद्र का अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक के पश्चात दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन किए और सर्वकल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने दर्शन और पूजन के दौरान अनेक श्रद्धालुओं से भेंट और चर्चा की। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को ही दंतेवाड़ा में विज्ञान केंद्र का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने विज्ञान केंद्र में प्रदर्शित विभिन्न विज्ञान प्रादर्श देखे और जानकारी प्राप्त की।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास के सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से बातचीत में अपनी यात्रा को सुखद बताया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ कभी एक थे। उन्हें पूर्व में इस अंचल में आने का सौभाग्य नहीं मिला था। मध्य क्षेत्रीय बैठक के कारण बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विकास के सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुसार महिला, किसान, युवा, गरीब सभी वर्गों के कल्याण के लिए दोनों राज्य निरंतर कार्य करेंगे।

श्रेष्ठ आतिथ्य के लिए दिया धन्यवाद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले के प्रति मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक के आयोजन और श्रेष्ठ आतिथ्य के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags