ओलंपिक पदक विजेताओं को अब आठ करोड़ रुपये, रवींद्र सरोवर स्टेडियम में बनेगा अंतरराष्ट्रीय ट्रैक

19 May 2026 22:38:53
निसिथ प्रमाणिक


कोलकाता, 19 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सरकार बदलते ही खेल क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। राज्य सरकार ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की है। इन योजनाओं के तहत ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अब भारी नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

राज्य के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने मंगलवार को अपने कार्यालय में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अब ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आठ करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इससे पहले यह राशि 25 लाख रुपये थी। वहीं रजत पदक विजेताओं को छह करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को चार करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

खेल मंत्री ने कहा कि केवल ओलंपिक ही नहीं, बल्कि एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ गेम्स और विश्व चैंपियनशिप के विजेताओं के लिए भी पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया को भी मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों से प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए जिला स्तर पर खेल महोत्सव आयोजित किए जाएंगे, जिनके फाइनल मुकाबले कोलकाता में कराए जा सकते हैं। इस पूरी योजना में खेलो इंडिया और साई जैसे संगठनों के सुझावों को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए खेल विभाग में एक सलाहकार समिति गठित की जाएगी।

इसी क्रम में राज्य सरकार ने रवींद्र सरोवर स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने का निर्णय लिया है। वहां ओलंपिक स्तर का एथलेटिक ट्रैक तैयार किया जाएगा। यह स्टेडियम पहले आईएसएल मुकाबलों के लिए इस्तेमाल होता था, लेकिन वर्तमान में इसका उपयोग सीमित हो गया है।

इसके अलावा युवाभारती क्रीड़ांगन के बाहर स्थित एक मूर्ति को हटाने का निर्णय भी लिया गया है, जिसे लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ था। इसे हटाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि वहां राज्य के किसी प्रसिद्ध फुटबॉलर की प्रतिमा स्थापित की जा सकती है।

सरकार का दावा है कि इन कदमों से राज्य में खेल ढांचे को मजबूत किया जाएगा और युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0