स्पोर्ट्स कॉलेज में दाखिले के लिए खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

19 May 2026 15:57:53
सोनकपुर स्टेडियम में आयोजित स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के लिए ट्रायल्स में भाग लेता खिलाड़ी।


मुरादाबाद और बरेली मंडल के नौ जिलों से पहुंचे खिलाड़ी

मुरादाबाद, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश पाने के लिए मंगलवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। मुरादाबाद और बरेली मंडल के नौ जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने सत्र 2026-27 के लिए आयोजित प्रारंभिक चयन परीक्षा और ट्रायल्स में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि ट्रायल्स में बरेली मंडल के बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बरेली जिले के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जबकि मुरादाबाद मंडल से संभल, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और मुरादाबाद के खिलाड़ी मैदान में उतरे। खिलाड़ियों का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर में प्रवेश के लिए किया जाएगा।

क्रीड़ाधिकारी ने आगे बताया कि क्षेत्रीय खेल कार्यालय सोनकपुर मुरादाबाद मंडल से 71 लड़के और 10 लड़कियों ने भाग लिया। वहीं बरेली मंडल से 59 लड़के और 12 लड़कियों ने प्रतिभा दिखाई। ट्रायल्स में एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, तैराकी, बॉक्सिंग, हैंडबॉल और भारोत्तोलन के लिए केवल बालक वर्ग, जबकि हॉकी, जिम्नास्टिक, कुश्ती, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और जूडो में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया गया। स्टेडियम में आयोजित चयन परीक्षा में हैंडबॉल में मो. इरफान, भारोत्तोलन में अरविंद सिंह कुशवाहा और तैराकी में निशित दीक्षित ने खिलाड़ियों का परीक्षण किया।

विभिन्न खेलों के ट्रायल्स विशेषज्ञ अधिकारियों और प्रशिक्षकों की देखरेख में कराए गए। एथलेटिक्स में सुरेंद्र पाल, क्रिकेट में सुनील कुमार सिंह, फुटबॉल में रामचंद्र, कबड्डी में हरफूल सिंह, बॉक्सिंग में भूपेंद्र सिंह

हॉकी में नवीन कुमार सिंह, जिम्नास्टिक में राहुल चोपड़ा, कुश्ती में विवेक कुमार, वॉलीबॉल में अखिल चौधरी, जुडो में पूनम विश्नोई और बैडमिंटन में मधु अवस्थी ने ट्रायल्स संपन्न कराए।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया को क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मेरठ जितेंद्र यादव की निगरानी में कराया गया। आयोजन में ललिता चौहान, निशा, सचिन कुमार विश्नोई, गोविंद कुमार यादव, मो. आसिफ सिद्दीकी, धीरज कुमार सहित सभी प्रशिक्षकों ने सहयोग दिया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0