रायबरेली में राहुल बोले,'देश में अब आने वाला है आर्थिक तूफ़ान'

19 May 2026 14:47:53
मंदिर में दर्शन कर निकलते राहुल गांधी


- रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं राहुल गांधी

रायबरेली, 19 मई (हि.स.)। लाेकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार काे अपने दाे दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के पहले दिन रायबरेली में कहा कि देश में अब आर्थिक तूफ़ान आने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी ने जो ढांचा बनाया था, वह टूटने वाला है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल रायबरेली में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि किसान, छोटे व्यापारी, आम आदमी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। प्रधानमंत्री ख़ुद विदेश जा रहे हैं जबकि दूसरों को जाने से रोक रहे हैं।

दरअसल, राहुल गांधी रायबरेली संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को रायबरेली पहुंचे हैं। यहां कार्यकर्ताओं ने चूरूवा बॉर्डर पर राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया। चूरूवा बॉर्डर पर स्थित हनुमान मंदिर पर उन्होंने मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। इस दौरान बाहर मौजूद कार्यकर्ता उनके पक्ष में नारेबाज़ी कर रहे थे। राहुल इसके बाद बछरावां पहुंचे। भक्तिन खेड़ा गाँव में सांसद निधि से बने बारात घर का उद्घाटन किया। 15 लाख की लागत से बने इस बारात घर का शिलान्यास भी राहुल ने किया था।

इसके अलावा राहुल गांधी अन्य कई कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। यहां वह लोगों से सीधे रूबरू होंगे। कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी का लालगंज में महिलाओं के साथ बैठक कर संवाद करने का कार्यक्रम है। मंगलवार शाम को वह भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। जहां रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को सुबह जनप्रतिनिधियों के साथ ही संगठन के लोगों व जनता से मुलाकात करेंगे। इसके बाद लोधवारी में बीरा पासी की मुर्ति पर पुष्प अर्पित कर जन प्रतिनिधियों से बात करेंगे। सांसद राहुल गांधी का अमेठी में भी एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही दिवंगत कांग्रेस नेता योगेंद्र मिश्रा के आवास जाएंगे। वहां परिजनों से मुलाकात कर उनको सांत्वना देंगे। इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Powered By Sangraha 9.0