जम्मू-कटरा रेलखंड पर ढलान को स्थिर करने और सुरंगों की मरम्मत को 238 करोड़ की मंजूरी

19 May 2026 14:23:53
भारतीय रेलवे का लोगो और ट्रेन का प्रतिकात्मक चित्र (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने उत्तर रेलवे के जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलखंड पर ढलान को स्थिर करने, सुरंगों की मरम्मत और पुलों के सुरक्षा कार्यों के लिए 238 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस रेलखंड की दीर्घकालिक सुरक्षा और विश्वसनीयता को मजबूत करना है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह देश के सबसे दुर्गम इलाकों में सुरक्षित और भरोसेमंद रेल संपर्क सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कटिंग, पुल और सुरंगों का विस्तृत आकलन करने के बाद सुरक्षा एवं पुनर्वास कार्यों को मंजूरी दी गई है।

परियोजना के तहत ढलान को स्थिर करना, सुरंगों से पानी रिसने की समस्या का समाधान, पुलों के सुरक्षा कार्य तथा संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा से जुड़े अन्य उपाय शामिल हैं। रेलवे के अनुसार, इन कार्यों से जम्मू-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा रेलखंड की संरचनात्मक मजबूती और परिचालन सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

रेल मंत्रालय ने बताया कि यह रेलखंड कठिन भूभाग, प्रतिकूल भूवैज्ञानिक परिस्थितियों और मौसम की चरम घटनाओं के कारण लंबे समय से इंजीनियरिंग और परिचालन चुनौतियों का सामना करता रहा है। इसके बावजूद भारतीय रेलवे ने समय पर काम पूरा कर और मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित करके इन चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है।

रेलवे के अनुसार, नई सुरक्षा और पुनर्वास परियोजना लागू होने के बाद यह मार्ग पहले से अधिक मजबूत और सुरक्षित बनेगा, जिससे हर वर्ष यात्रा करने वाले लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं भरोसेमंद रेल सेवा मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0