मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमावर्ती इलाकों से पीएलए, यूएनएलएफ और केवाईकेएल के कई उग्रवादी गिरफ्तार

19 May 2026 12:27:53
Images of the Five Arrested Militants Linked to PLA, KYKL and UNLF Near India-Myanmar border in Manipur.


इंफाल, 19 मई (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और केंद्रीय एजेंसियों ने उग्रवाद विरोधी अभियान तेज करते हुए प्रतिबंधित संगठनों पीएलए, यूएनएलएफ और केवाईकेएल से जुड़े कई सक्रिय उग्रवादियों को भारत-म्यांमार सीमावर्ती इलाकों के अलग-अलग जिलों से बीते 24 घंटे में गिरफ्तार किया है।

मणिपुर पुलिस ने मंगलवार को दी गई आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि केंद्रीय बलों ने तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र में बीपी(बॉर्डर पिलर)-77 और बीपी-79 के बीच अभियान चलाकर पीएलए के तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान थोउबल जिले के चरंगपत निवासी वांगथोई नाहाकपम उर्फ लिंगजेल (20), इंफाल पूर्व जिले के कोंगबा निवासी नानाओबा नांदेइबाम उर्फ अंगौ (19) तथा बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल निवासी मालेम ओइनाम उर्फ मणिथोइबा (20) के रूप में हुई है।

वहीं, सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय सदस्य चिंगलेन अथोकपम उर्फ इबुंगो (30) को भी गिरफ्तार किया। वह इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र स्थित पुंगडोंगबाम मयाई लेकाई का निवासी है। वहीं, एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने थोउबल जिले के यैरिपोक थाना क्षेत्र अंतर्गत यैरिपोक बाजार इलाके में अभियान चलाकर यूएनएलएफ (कोइरेंग) के सक्रिय उग्रवादी थांगजाम धमेंद्र सिंह उर्फ वायेनबा उर्फ वॉल्यूम (26) को गिरफ्तार किया। वह अवैध हथियार और गोला-बारूद की तस्करी में संलिप्त बताया गया है। उसके कब्जे से एक 9 एमएम मैगजीन, एक मोबाइल फोन के साथ दो सिम कार्ड, एक पावर बैंक एवं यूएसबी केबल तथा एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया।

इसके अलावा इंफाल पश्चिम जिले के लामफेल थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से केवाईकेएल के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों में इराम सिफाई मामांग लेकाई निवासी सोरोक्हाइबाम प्रियचंद सिंह उर्फ सजाओ (39) तथा उरीपोक ताखेल्लामबाम लेकाई निवासी मोइरंगथेम नाओबी सिंह (47) शामिल हैं। प्रियचंद सिंह को रिम्स के निकट से जबकि नाओबी सिंह को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने इनके पास से दो मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड भी बरामद किया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0