ऋतुराज गायकवाड़ अच्छे कप्तान साबित होंगे, लेकिन बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत : स्टीफन फ्लेमिंग

युगवार्ता    19-May-2026
Total Views |
सीएसके कोच स्टीफन फ्लेमिंग


चेन्नई, 19 मई (हि.स.)। चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का समर्थन करते हुए कहा है कि वह भविष्य में फ्रेंचाइजी के लिए बेहतरीन कप्तान साबित होंगे, हालांकि इस सीजन में उनकी बल्लेबाजी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही है।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स को सोमवार को पांच विकेट से मिली हार के बाद फ्लेमिंग ने कहा कि ऋतुराज को बल्लेबाजी में और बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

फ्लेमिंग ने मैच के बाद कहा,

“मुझे लगता है कि ऋतुराज और बेहतर कर सकते हैं। वह पहले भी ऐसा कर चुके हैं। वह शीर्ष क्रम के शानदार बल्लेबाज रहे हैं। लेकिन इस सीजन में उन्होंने अपने करियर के मुताबिक न तो उतने रन बनाए हैं और न ही उसी गति से रन बनाए हैं। यह ऐसी चीज है जिस पर वह जरूर काम करेंगे।”

सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को चेन्नई में खेले गए मुकाबले में सीएसके को एक ओवर शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स अब लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ में पहुंचने से चूकती नजर आ रही है।

ऋतुराज गायकवाड़ की बल्लेबाजी, खासकर पावरप्ले में धीमी शुरुआत, इस सीजन लगातार चर्चा का विषय रही है। हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी वह शुरुआती छह ओवर में 11 गेंदों पर सिर्फ 9 रन ही बना सके।

फ्लेमिंग ने पिछले सीजन की चोट का जिक्र करते हुए कहा,“कम से कम इस साल वह पूरे समय टीम के साथ थे। पिछले साल चोट के कारण वह उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उस आधार पर उनका आकलन करना उचित नहीं होगा। लेकिन हमने इस टीम और खिलाड़ियों को समझने के लिए पर्दे के पीछे काफी काम किया है।”

उन्होंने आगे कहा,“एमएस धोनी जैसे महान कप्तान के लंबे समय तक फ्रेंचाइजी संभालने के बाद नए कप्तान के लिए यह बदलाव आसान नहीं होता। इसमें थोड़ा समय लगेगा। लेकिन ऋतुराज अच्छा काम कर रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच उन्हें काफी सम्मान मिलता है। वह लगातार सीख रहे हैं और उसे मैदान पर लागू भी कर रहे हैं। मुझे कोई संदेह नहीं कि भविष्य में वह इस फ्रेंचाइजी के शानदार कप्तान बनेंगे।”

धोनी के भविष्य पर चुप रहे फ्लेमिंग

एमएस धोनी इस सीजन पहली बार मैच के दिन मैदान पर टीम के साथ नजर आए। अगले सीजन में धोनी के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर फ्लेमिंग ने कहा,“नहीं, फिलहाल हम इसी सीजन पर ध्यान दे रहे हैं।”

अपने भविष्य पर भी दिया बड़ा बयान

सीएसके के लगातार खराब प्रदर्शन के बीच फ्लेमिंग ने अपने भविष्य को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला टीम प्रबंधन को करना है।

फ्लेमिंग ने कहा,“यह पूरी तरह प्रबंधन का फैसला होगा। मुझे पता है कि इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है। लेकिन एमएस इस साल टीम के साथ लगातार जुड़े रहे हैं, जो युवा खिलाड़ियों और टीम की निरंतरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है। भले ही उन्होंने मैदान पर ज्यादा नहीं खेला, लेकिन टीम पर उनका प्रभाव बहुत बड़ा रहा है।”

उन्होंने आगे कहा,“हमने इस सीजन कुछ अच्छे काम भी किए हैं। हमने कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो भविष्य में सीएसके के लिए लंबे समय तक खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। लेकिन मैं जानता हूं कि हमारी पहचान नतीजों से होती है और यह बिल्कुल सही भी है। इसलिए आगे क्या होगा, इसका फैसला प्रबंधन करेगा, मेरा नहीं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags