लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 114 अंक टूटा

युगवार्ता    19-May-2026
Total Views |
शेयर बाजार के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली/मुंबई, 19 मई (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। कारोबार के आखिरी समय में बिकवाली से बीएसई का सेंसेक्स 114 अंक टूटकर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी में 32 अंकों की गिरावट आई।

शेयर बाजार आज शुरुआती तेजी गंवाते हुए कारोबार के अंत में नुकसान में बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 114.19 अंक यानी 0.15 फीसदी की गिरावट के साथ 75,200.85 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 31.95 अंक यानी 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 23,618 अंक पर बंद हुआ।

30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 431.23 अंक यानी 0.57 फीसदी बढ़कर 75,746.27 के स्तर पर पहुंच गया था। भारतीय मुद्रा रुपया के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने को लेकर चिंताएं बढ़ने के साथ-साथ एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हुई। साथ ही वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमत ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।

सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, अडाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल और सन फार्मा के शेयर मुख्य रूप से नुकसान में रहीं। वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में इंफोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इटर्नल और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं।

भारतीय रुपया आज कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अबतक के सबसे निचले स्तर 96.60 तक फिसल गया। हालांकि, बाद में यह 96.52 (अस्थायी) पर रहा। वहीं, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.80 फीसदी टूटकर 110 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशिया के अन्य शेयर बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में सकारात्मक रुख था।

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी मामूल बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 77.05 अंकों की वृद्धि के साथ 75,315.04 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 6.45 अंकों की बढ़त के साथ 23,649.95 के स्तर पर बंद हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags