(अपडेट)छत्तीसगढ़ के कांकेर में आईईडी निष्क्रिय करते समय विस्फाेट से चार जवान बलिदान

02 May 2026 18:49:55
बलिदानी जवान


कांकेर, 02 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर और नारायणपुर जिले की सरहद पर छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदनार गांव के पास के जंगल में शनिवार को डी-माइनिंग और एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फाेट हो गया। इसमें सुरक्षा बल के चार चार जवान बलिदान हो गए । बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने इसकी पुष्टि की है।

इस अभियान के दौरान दुर्घटनावश आईईडी विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से कांकेर डीआरजी के 4 जवान घायल हो गए। इनमें इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल संजय गढपाले अत्यधिक ज़ख़्मी होने से वे घटना स्थल पर ही बलिदान हो गए । जबकि गंभीर रूप से घायल बस्तर फाइटर का जवान परमानंद कोर्राम को बेहतर उपचार हेतु रायपुर ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका भी निधन हो गया है।

इस संबंध में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों द्वारा दी गई जानकारी और अन्य इनपुट के आधार पर, माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए सैकड़ों आईईडी बस्तर रेंज में पुलिस एवं सुरक्षाबलों द्वारा बरामद कर निष्क्रिय किए जा रहे हैं। लेकिन आज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, जब कांकेर जिला पुलिस दल आईईडी को निष्क्रिय कर रहा था, तभी वह आकस्मिक रूप से विस्फोटित हो गया, जिसके कारण चार पुलिस बल के जवान बलिदान हाे गये हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Powered By Sangraha 9.0