प्रधानमंत्री ने लेह में ‘भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी’ के उद्घाटन पर जताई खुशी

02 May 2026 18:55:53
लेह में ‘तथागत के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी’ के उद्घाटन कार्यक्रम की फोटो


नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को लेह में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसका उद्घाटन शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर हुआ था।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि ये पवित्र अवशेष कपिलवस्तु स्थित पिपरहवा स्तूप से जुड़े हैं और 19वीं सदी के अंतिम वर्षों में खुदाई के दौरान प्राप्त हुए थे। ये अवशेष भगवान गौतम बुद्ध की शिक्षाओं का प्रतीक हैं।

उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी 14 मई तक चलेगी और आने वाले दिनों में इसे जांस्कर क्षेत्र में भी ले जाया जाएगा। प्रधानमंत्री के अनुसार यह आयोजन लद्दाख के लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल से लद्दाख में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने लिखा, ”यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि कल बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर लेह में तथागत के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। ये पूजनीय अवशेष कपिलवस्तु के पिपरहवा स्तूप से जुड़े हैं और 19वीं सदी के अंतिम वर्षों में खुदाई के दौरान प्राप्त हुए थे। ये भगवान बुद्ध की शाश्वत शिक्षाओं का प्रतीक हैं। यह प्रदर्शनी 14 मई तक जारी रहेगी। आने वाले दिनों में यह ज़ांस्कर भी जाएगी। यह पूरे लद्दाख के लोगों को अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करने का एक अमूल्य अवसर प्रदान करेगी। इससे लद्दाख में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।”

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0