
पुडुचेरी, 02 मई (हि.स.)। केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में आगामी 4 मई को होने वाली विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने व्यापक और कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। कुल मिलाकर 3,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी में लगाए गए हैं।
पुडुचेरी में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव संपन्न हुए थे, जिसमें 30 सीटों के लिए 1,099 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया था। इस चुनाव में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रिकॉर्ड 91.69 प्रतिशत मतदान दर्ज कराया था।
ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है। पुडुचेरी क्षेत्र की ईवीएम मशीनें लासपेट स्थित सरकारी महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, नेहरू पॉलिटेक्निक कॉलेज और टैगोर सरकारी कला कॉलेज में सुरक्षित रखी गई हैं। वहीं कराईकल की पांच सीटों की ईवीएम करुणानिधि पोस्ट ग्रेजुएट सेंटर में, माहे की ईवीएम सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में तथा यनम की ईवीएम सरकारी कला कॉलेज में रखी गई हैं।
इन सभी मतगणना केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती शामिल है। हर केंद्र पर चौकसी बढ़ा दी गई है और लगातार निगरानी की जा रही है।
मतगणना के दिन 4 मई को पूरे केंद्रशासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी रहेगी। इसके लिए 1,250 पुलिसकर्मियों को तीन शिफ्टों में तैनात किया गया है। सुबह 5 बजे से रात 5 बजे तक अलग-अलग शिफ्टों में सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी। इसके अलावा 200 अर्धसैनिक जवान भी सुरक्षा में सहयोग करेंगे।
क्षेत्रवार तैनाती के अनुसार कराईकल में 500, माहे में 400 और यनम में 450 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रत्येक क्षेत्र में 100-100 अर्धसैनिक जवानों के साथ-साथ विशेष कमांडो और महिला कमांडो बलों को भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पिछले चुनावों के दौरान कुछ स्थानों पर हुई अप्रिय घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV