आईपीएल 2026: जॉश इंग्लिस मुंबई पहुंचे, 4 मई को एलएसजी के लिए खेल सकते हैं

02 May 2026 15:49:53
ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज़ जॉश इंग्लिस


मुंबई, 02 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच जॉश इंग्लिस को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज़ इंग्लिस भारत पहुंच चुके हैं और मुंबई में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ जुड़ गए हैं। वह 4 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

इंग्लिस की उपलब्धता को लेकर पहले काफी विवाद हुआ था। उन्होंने इस सीज़न में सीमित उपलब्धता का हवाला देते हुए पंजाब किंग्स द्वारा रिटेंशन को ठुकरा दिया था, जिस पर टीम के एक सह-मालिक ने उन्हें गैर-पेशेवर तक बता दिया था। पिछले सीज़न में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले इंग्लिस को इस बार एलएसजी ने 8.6 करोड़ रुपये में खरीदा।

31 वर्षीय इंग्लिस का रिकॉर्ड मुंबई के स्टार गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह के खिलाफ शानदार रहा है। उन्होंने बुमराह के खिलाफ दो मैचों में 34 गेंदों पर 52 रन बनाए हैं। खासकर आईपीएल 2025 के क्वालिफायर-2 में उन्होंने एक ही ओवर में 20 रन जड़कर मैच का रुख बदल दिया था।

एलएसजी के लिए इंग्लिस की एंट्री ऐसे समय में हुई है, जब टीम अंक तालिका में निचले पायदान पर संघर्ष कर रही है। टीम ने अब तक 8 मैचों में सिर्फ 2 जीत दर्ज की हैं, जबकि उनका मुकाबला भी समान स्थिति में खड़ी मुंबई इंडियंस से होगा। इंग्लिस शनिवार शाम वानखेड़े स्टेडियम में टीम के साथ अभ्यास करेंगे। उन्होंने अब तक 11 मैचों में 162 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 278 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है।

अजमतुल्लाह उमरजई 7 मई को लौटेंगे

अजमतुल्लाह उमरजई 7 मई को दोबारा पंजाब किंग्स के साथ जुड़ेंगे। उनकी मां के निधन के कारण वह स्वदेश लौट गए थे। टीम ने 28 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान काली पट्टी बांधकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, पूरी टीम की ओर से मैं अजमत और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। हम इस मुश्किल समय में उनके साथ हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0