एसआरएच से भिड़ंत से पहले केकेआर के गेंदबाजी कोच टिम साउदी ने कहा-“पावरप्ले में विकेट नहीं तो मुश्किल तय”

02 May 2026 17:30:53
केकेआर के गेंदबाजी कोच टिम साउदी


हैदराबाद, 02 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच रविवार को होने वाले मुकाबले से पहले केकेआर के गेंदबाजी कोच टिम साउदी ने प्रीमैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की तैयारियों और रणनीति को लेकर खुलकर बात की।

साउदी ने कहा कि टूर्नामेंट के बीच मिला ब्रेक टीम के लिए काफी फायदेमंद रहा। उन्होंने कहा, “थोड़ा समय मिलना अच्छा रहा, इससे खिलाड़ी तरोताजा हुए हैं। ब्रेक से पहले हमने लगातार दो मैच जीते थे, जिससे टीम का मोमेंटम बना हुआ था। उम्मीद है कि हम उसी लय को आगे भी जारी रखेंगे।”

पथिराना की फिटनेस पर फैसला मैच से पहले

श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के टीम से जुड़ने पर साउदी ने पुष्टि की कि वह स्क्वॉड के साथ हैं और अभ्यास में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। हालांकि प्लेइंग इलेवन में उनके चयन पर अंतिम फैसला पिच और परिस्थितियों को देखकर लिया जाएगा।

एसआरएच के मजबूत बल्लेबाजी क्रम से सतर्क

साउदी ने माना कि एसआरएच की बल्लेबाजी इस सीजन में बेहद खतरनाक रही है, खासकर टॉप ऑर्डर और मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी। उन्होंने कहा, “यह हमारे गेंदबाजों के लिए एक बड़ा और रोमांचक चैलेंज है। पिछले मुकाबले में हमने उनके खिलाफ ठीक गेंदबाजी की थी और इस बार भी हम उसी तरह की रणनीति अपनाएंगे।”

पावरप्ले में विकेट लेना होगा अहम

साउदी ने जोर देते हुए कहा कि पावरप्ले में जल्दी विकेट लेना इस मैच में निर्णायक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा, “जो टीमें शुरुआती विकेट लेती हैं, वही मैच पर पकड़ बनाती हैं। हमें अच्छी शुरुआत करनी होगी और जल्दी विकेट निकालने होंगे।”

आईपीएल के मौजूदा स्वरूप को लेकर साउदी ने कहा कि ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम और छोटे मैदानों के कारण बल्लेबाजों को ज्यादा फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा, “टीमें अब बिना डर के खेलती हैं और हर गेंद पर रन बनाने की कोशिश करती हैं। लेकिन इसके बावजूद गेंदबाजों के पास भी सफल होने के तरीके हैं।” उन्होंने सुनील नारायण का उदाहरण देते हुए कहा कि अनुभव और विविधता के दम पर आज भी गेंदबाज प्रभावी प्रदर्शन कर सकते हैं।

मैदान के आकार पर भी रखी राय

बाउंड्री साइज पर चल रही बहस को लेकर साउदी ने कहा कि हर मैदान की अपनी अलग पहचान होती है। उन्होंने कहा, “बेंगलुरु, ईडन गार्डन्स और वानखेड़े जैसे मैदान छोटे लग सकते हैं, लेकिन यही क्रिकेट की खूबसूरती है। गेंदबाजों को परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना होगा।”

गौरतलब है कि यह मुकाबला दोपहर में खेला जाएगा, जहां ओस का असर नहीं होगा, जिससे गेंदबाजों को कुछ हद तक मदद मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0