टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम घोषित, नंदिनी शर्मा नया चेहरा

02 May 2026 18:02:53
युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा


नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए शनिवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम में युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को पहली बार मौका मिला है।

चंडीगढ़ की 24 वर्षीय नंदिनी ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के लिए 17 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी थीं, जिसके दम पर उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।

यास्तिका और राधा की वापसी, कुछ बड़े नाम बाहर

टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया और ऑलराउंडर राधा यादव की वापसी हुई है। वहीं अनुष्का शर्मा, उमा छेत्री और काश्वी गौतम को टीम में जगह नहीं मिली है। यही टीम वर्ल्ड कप से पहले होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज में भी खेलेगी।

हरमनप्रीत कौर पांचवीं बार करेंगी कप्तानी

भारतीय टीम की कमान एक बार फिर हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी, जो इस ग्लोबल टूर्नामेंट में पांचवीं बार टीम की अगुवाई करेंगी। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में वह भारत की शीर्ष स्कोरर रही थीं। उपकप्तानी की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना को सौंपी गई है।

स्पिन अटैक हुआ मजबूत

भारतीय टीम ने अपने स्पिन विभाग को मजबूत किया है, जिसमें दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी और राधा यादव शामिल हैं। ये सभी गेंदबाज हालिया दक्षिण अफ्रीका सीरीज में प्रभावी रहे थीं।

टी20 फॉर्म चिंता का विषय

भारत का हालिया टी20 प्रदर्शन ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा है। 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद टीम ने 21 में से 13 मैच जीते हैं, लेकिन इस साल 8 में से सिर्फ 3 मुकाबले ही जीत पाई है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई सीरीज में भारत को 5 में से 4 मैचों में हार झेलनी पड़ी।

14 जून को पाकिस्तान से पहला मुकाबला

भारत अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। ग्रुप-ए में भारत के साथ नीदरलैंड्स, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया की टीमें शामिल हैं। सेमीफाइनल मुकाबले द ओवल में खेले जाएंगे।

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम:

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेनुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चारणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फुलमाली, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, राधा यादव।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0