बंगाल की फलता विधानसभा के सभी बूथों पर पुनर्मतदान का आदेश

02 May 2026 23:00:53
EC Order


कोलकाता, 02 मई (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत 144-फलता सीट के लिये 29 अप्रैल को दूसरे चरण में हुए मतदान को रद्द कर सभी बूथों पर पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया है। देर शाम को आयोग ने उक्त निर्देश राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में दिया।

आयोग के मुताबिक, फलता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई 2026 (गुरुवार) को सुबह सात बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 24 मई 2026 (रविवार) को होगी।

आदेश में कहा गया है कि संबंधित निर्देशों को तत्काल राज्य सरकार के राजपत्र में प्रकाशित किया जाए और सभी संबंधित अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जरूरत पड़ने पर आगे और कदम उठाए जाएंगे।

इसके साथ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 153 के तहत आयोग ने चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि को संशोधित करते हुए 25 मई 2026 कर दिया है, जो पहले छह मई 2026 निर्धारित थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

Powered By Sangraha 9.0