इजराइल का दक्षिणी लेबनान पर हमला, कम से कम 15 लोगों की मौत, 12 गांवों को खाली करने की चेतावनी

20 May 2026 10:48:53
इजराइल ने 19 मई को दक्षिणी लेबनान के नबातीह शहर को निशाना बनाया।  फोटो -  लोरिएंट टुडे


बेरुत (लेबनान), 20 मई (हि.स.)। इजराइल के दक्षिणी लेबनान पर किए गए ताजा हवाई हमले में कम से कम 15 लोग मारे गए। इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के 12 गांवों को तत्काल खाली करने का आदेश दिया है। 16 अप्रैल को लेबनान और इजराइल के बीच हुए सैन्य विराम (सीज फायर) के बावजूद दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह और लेबनान के बीच घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। कुछ मीडिया संस्थानों में अपुष्ट सूत्रों से मरने वालों की संख्या 19 बताई जा रही है।

लेबनान के समाचार पत्र 'लोरिएंट टुडे' की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल ने मंगलवार को खूनखराबा करने के साथ दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी के 12 गांवों को खाली करने का आदेश दिया है। इनमें दक्षिणी क्षेत्र का अहम गांव नबातीह ताहता भी शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को इजराइल के हमले में कफर सिर में चार लोग मारे गए। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। मारे गए लोगों की पहचान सफिया बद्र अल-दीन, अली नाजिह कामिहा, नाजिहा कामिहा और अहमद अल-सब्लिनी के रूप में हुई है।

बताया गया है कि देइर कानन अल-नहर में इजराइल ने टाउन हॉल के पास स्थित एक घर को निशाना बनाया। इस हमले में सात लोगों की मौत हो गई। इनमें चार बच्चे शामिल हैं। नगर परिषद के अध्यक्ष अली क़ुस्सैर के अनुसार, जिस घर को निशाना बनाया गया वह एक बड़े परिवार का घर था। मलबे के नीचे दबे तीन लोगों को खोजने के लिए तलाशी अभियान अभी भी जारी है। इसके अलावा हारौफ (नबातीह) पर हुए इजराइली ड्रोन हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह हमला नगरपालिका मुख्यालय के पास हुआ। इसमें गांव की नगरपालिका परिषद के सदस्य नासिर नासर की मौत हो गई। फ्रौन (बिंत जुबैल) पर हुए हमले में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक और ड्रोन हमले में एक मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई।

नबातीह में हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा दोपहर दो बजे इजराइली सैनिकों ने कफर हम्माम और कफर शुबा (हसबया) के बाहरी इलाके से सात लोगों को अगवा कर लिया। सिविल डिफेंस के अनुसार, उनमें से चार लोग सीरियाई मजदूर है। इन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। सिविल डिफेंस ने बताया कि तीन नागरिक अभी भी हिरासत में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0