कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए एक हजार श्रद्धालुओं का चयन : विदेश मंत्रालय

21 May 2026 20:01:53

नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को कैलाश मानसरोवर यात्रा (केएमवाई) 2026 के लिए यात्रियों के चयन की कम्प्यूटर आधारित ड्रॉ प्रक्रिया पूरी की। यात्रा के लिए कुल एक हजार श्रद्धालुओं का चयन किया गया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार चयन पूरी तरह निष्पक्ष और कम्प्यूटर द्वारा रैंडम तरीके से किया गया। इसमें महिला और पुरुष यात्रियों को बराबर अवसर देने का भी ध्यान रखा गया।

कैलाश मानसरोवर यात्रा जून में शुरू होगी और अगस्त तक चलेगी। चयनित यात्रियों को 20 दलों में यात्रा कराई जाएगी, जिसमें प्रत्येक दल में 50 यात्री शामिल होंगे। यात्री लिपुलेख दर्रा और नाथू ला मार्ग से यात्रा करेंगे। मंत्रालय के अनुसार दोनों रास्ते अब पूरी तरह सड़क मार्ग से जुड़े हैं, इसलिए बहुत कम पैदल चलना पड़ेगा।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि चयनित यात्रियों को एसएमएस और ईमेल के जरिए सूचना भेज दी गई है। यात्री कैलाश मानसरोवर यात्रा वेबसाइट पर लॉगिन कर अपने चयन की स्थिति देख सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 011-23088214 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0