एलआईसी का चौथी तिमाही का मुनाफा 23 फीसदी बढ़कर 23,420 करोड़ रुपये हुआ

21 May 2026 19:36:53
एलआईसी के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


मुंबई, 21 मई (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने वित्त वर्ष 2025-26 की (जनवरी-मार्च) चौथी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 मार्च, 2026 को समाप्त चौथी तिमाही में एलआईसी का मुनाफा 23 फीसदी बढ़कर 23,420 करोड़ रुपये रहा है। बीमा कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 19,013 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

एलआईसी ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 2,53,592 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में 2,22,805 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी ने कहा कि जनवरी-मार्च तिमाही में उसकी पहले साल की प्रीमियम आय बढ़कर 12,970 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 11,069 करोड़ रुपये रही थी।

एलआईसी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में नवीकरण प्रीमियम से आय बढ़कर 81,933 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले यह 79,138 करोड़ रुपये थी। वहीं, पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 19 फीसदी बढ़कर 57,419 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 48,151 करोड़ रुपये रहा था। साथ ही पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 9,73,288 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 8,84,148 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 10 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। यह शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0