मिथिला एक्सप्रेस आग मामले में साजिश की आशंका गहराई, हावड़ा स्टेशन का सीसीटीवी फुटेज सामने आया

21 May 2026 18:05:53
हावड़ा स्टेशन के कैब रोड क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति वस्तु फेंकते हुए और उसके बाद उस वस्तु में आग लग गई


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। मिथिला एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के दो दिन बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने मामले को और गंभीर बना दिया है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को हावड़ा स्टेशन के कैब रोड क्षेत्र में एक वस्तु फेंकते हुए देखा गया, जिसके तुरंत बाद वहां आग और धुआं उठने लगा।

करीब एक मिनट 59 सेकंड के इस फुटेज में पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों को मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते हुए भी देखा गया। घटना 19 मई को दोपहर ढाई बजे के आसपास की है। उस समय स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ थी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुरक्षा एजेंसियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने इस घटना को संभावित साजिश और रेलवे संचालन बाधित करने की कोशिश मानते हुए बड़े स्तर पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि यह घटना यात्रियों में दहशत फैलाने और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा करने के उद्देश्य से अंजाम दी गई हो सकती है।

अधिकारियों के अनुसार यह संदिग्ध गतिविधि मिथिला एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की घटना से ठीक पहले हुई थी। ट्रेन जब हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर खड़ी थी, तब एलएस सेकेंड क्लास (अनारक्षित) कोच के शौचालय क्षेत्र के पास आग देखी गई। हालांकि रेलवे कर्मियों ने अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया और बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां अब सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने और उसके संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। इस बीच हावड़ा स्टेशन समेत देशभर के प्रमुख रेलवे टर्मिनलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी किया गया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0