सेल के प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान ने गुड़गांव के एमडीआई से किया समझौता

21 May 2026 19:49:53
सेल के प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान का एमडीआई के साथ समझौते का फोटो


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने कार्यकारी शिक्षा कार्यक्रमों के लिए गुड़गांव स्थित मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एमडीआई) के साथ समझौता किया है। ये समझौता सेल के प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान और एमडीआई (गुड़गांव) के बीच हुआ है।

इस्पात मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि सेल के प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान (एमटीआई) ने अधिकारियों के कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने के लिए मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एमडीआई) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस सहयोग का उद्देश्य वैश्विक सर्वोत्तम तरीकों के अनुरूप संगठन की क्षमता को मजबूत करना है।

मंत्रालय के मुताबिक इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर बृहस्पतिवार को एमटीएल (सेल) के कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन-प्रशिक्षण एवं विकास) संजय धर और एमडीआई गुड़गांव की डीन (उद्योग समन्वय) सुमिता राय ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सेल के निदेशक (कार्मिक) के. के. सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थिति रहे।

कंपनी ने जारी एक बयान में बताया कि इस साझेदारी के तहत विशेष रूप से तैयार नेतृत्व कार्यक्रम, रणनीति एवं नवाचार-आधारित शिक्षण, व्यावहारिक प्रशिक्षण, विदेशी प्रशिक्षण कार्यक्रम, संयुक्त अनुसंधान, परामर्श तथा अधिकारियों के लिए उपयुक्त ‘केस स्टडी’ के माध्यम से शैक्षणिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव को जोड़ा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सेल का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकल शुद्ध लाभ में 42 फीसदी से अधिक बढ़कर 1,680 करोड़ रुपये रहा। वहीं, परिचालन आय 29,316 करोड़ रुपये से बढ़कर 30,813 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2.35 रुपये प्रति शेयर का अंतिम लाभांश देने की भी मंजूरी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0