एआई आधारित स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म काबुनी के ‘सुपर कोच’ बने एबी डीविलियर्स

21 May 2026 18:07:53
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। एआई आधारित स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म काबुनी ने वैश्विक क्रिकेट प्रशिक्षण को नई दिशा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज पूर्व कप्तान एबी डीविलियर्स को अपना नया ‘सुपर कोच’ नियुक्त किया है।

एबी डीविलियर्स के जुड़ने के साथ काबुनी ने युवा खिलाड़ियों तक विश्वस्तरीय क्रिकेट कोचिंग पहुंचाने के अपने मिशन को और मजबूत किया है। वह पहले से जुड़े सुपर कोच सौरव गांगुली और शेन वॉटसन के साथ मिलकर अब अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय अनुभव का संयोजन प्रदान करेंगे।

कंपनी के अनुसार, यह साझेदारी एआई तकनीक और एबी डी विलियर्स की क्रिकेट विशेषज्ञता को एक मंच पर लाकर खिलाड़ियों को डेटा आधारित विश्लेषण और वास्तविक खेल अनुभव का लाभ देगी। भारत में 12 से 16 वर्ष के युवा खिलाड़ियों के लिए जून से एक राष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित प्रतिभाओं को एबी डी विलियर्स की टीम के साथ जुड़ने का अवसर मिलेगा।

काबुनी का एआई प्लेटफॉर्म खिलाड़ियों की मूवमेंट और बॉल ट्रैकिंग को रियल टाइम में रिकॉर्ड कर उसे आसान और उपयोगी फीडबैक में बदलता है। कंपनी का “1% इम्प्रूवमेंट” मॉडल छोटे-छोटे तकनीकी सुधारों पर केंद्रित है, जिससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार प्रगति संभव हो सके।

वॉइस, वीडियो और विजुअल संकेतों के संयोजन से यह तकनीक खिलाड़ियों को केवल आंकड़े ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक और तुरंत लागू किए जा सकने वाले सुझाव भी उपलब्ध कराती है। कंपनी का मानना है कि इससे विशेष रूप से युवा खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण अधिक प्रभावी और सहज बनेगा।

इस मौके पर एबी डीविलियर्स ने कहा,“मेरे लिए क्रिकेट हमेशा खुद को अभिव्यक्त करने और सीमाओं से आगे बढ़ने का माध्यम रहा है। काबुनी युवा खिलाड़ियों को अपने खेल को समझने, अपनी स्वाभाविक क्षमता पर भरोसा करने और अलग तरीके से सोचने का अवसर दे रहा है। मैं अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों की मदद करने को लेकर उत्साहित हूं, ताकि वे खुलकर खेल सकें और अपनी पूरी क्षमता पहचान सकें।”

काबुनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी निमेश पटेल ने कहा,“एबी डीविलियर्स क्रिकेट जगत के सबसे रचनात्मक और प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक हैं। खेल को नए नजरिए से देखने और दबाव में शानदार प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता काबुनी के विजन से पूरी तरह मेल खाती है। हम ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार कर रहे हैं, जो खिलाड़ियों को तकनीकी, मानसिक और रचनात्मक रूप से मजबूत बनाए।”

कंपनी ने बताया कि उसका प्लेटफॉर्म बायोमैकेनिक्स, मोशन ट्रैकिंग और परफॉर्मेंस डेटा के जरिए खिलाड़ियों को व्यक्तिगत स्तर पर रियल टाइम फीडबैक देता है। “1% बेटर” सिद्धांत के तहत खिलाड़ियों को छोटे लेकिन निरंतर सुधारों के जरिए लंबी अवधि में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0