टी20 महिला विश्व कप के लिए आयरलैंड की टीम घोषित,गैबी लुईस होंगी कप्तान

युगवार्ता    21-May-2026
Total Views |
गैबी लुईस


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)।आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम ने जून-जुलाई में इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए गुरुवार को अपनी टीम की घोषणा कर दी है। स्टार बल्लेबाज गैबी लुईस को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। यह पहला मौका होगा जब वह किसी वैश्विक टूर्नामेंट में आयरलैंड की कप्तानी करेंगी।

हालांकि गैबी लुईस हाल ही में लगी पैर की चोट से उबर रही हैं, जिसके कारण उन्हें पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टी20 त्रिकोणीय सीरीज से आराम दिया गया है। यह सीरीज क्लॉनटार्फ में खेली जाएगी।

गैबी की अनुपस्थिति में ऑर्ला प्रेंडरगास्ट त्रिकोणीय सीरीज में टीम की कप्तानी करेंगी। विश्व कप के लिए उन्हें उपकप्तान भी बनाया गया है।

टीम संयोजन की बात करें तो तेज गेंदबाज जेन मैग्वायर चोट के कारण चयन से बाहर हो गई हैं। वहीं उनकी बहन और बाएं हाथ की स्पिनर एमी मैग्वायर चोट से वापसी करते हुए दोनों टीमों में शामिल की गई हैं।

विश्व कप के लिए आयरलैंड को इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के साथ ग्रुप में रखा गया है। आयरलैंड अपनी विश्व कप अभियान की शुरुआत स्कॉटलैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में करेगा।

टी20 प्रारूप में आयरलैंड की रैंकिंग नौवीं है। गैबी लुईस टीम की सबसे अहम बल्लेबाज मानी जा रही हैं। वह आईसीसी महिला टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में संयुक्त रूप से 14वें स्थान पर हैं। नेपाल में आयोजित टी20 विश्व कप क्वालीफायर में उन्होंने सात पारियों में 276 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाए थे।

ऑर्ला प्रेंडरगास्ट महिला टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में सातवें स्थान पर हैं, जबकि एमी हंटर बल्लेबाजी रैंकिंग में 29वें स्थान पर मौजूद हैं।

महिला टी20 विश्व कप के लिए आयरलैंड टीम:

गैबी लुईस (कप्तान), ऑर्ला प्रेंडरगास्ट (उपकप्तान), एवा कैनिंग, क्रिस्टिना कूल्टर रीली, अलाना डैलजेल, लॉरा डेलानी, जॉर्जिना डेम्पसी, एमी हंटर, आर्लीन केली, लुईस लिटिल, एमी मैग्वायर, लारा मैकब्राइड, कारा मरे, लिया पॉल और रेबेका स्टोकल।

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के लिए आयरलैंड टीम:

ऑर्ला प्रेंडरगास्ट (कप्तान), एवा कैनिंग, क्रिस्टिना कूल्टर रीली, अलाना डैलजेल, लॉरा डेलानी, जॉर्जिना डेम्पसी, एमी हंटर, आर्लीन केली, लुईस लिटिल, एमी मैग्वायर, लारा मैकब्राइड, कारा मरे, लिया पॉल और रेबेका स्टोकल।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags