नीट के भौतिक विज्ञान प्रश्न पत्रों के लीक मामले में एनटीए की विशेषज्ञ गिरफ्तार

युगवार्ता    22-May-2026
Total Views |
Neet


नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। सीबीआई ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा के भौतिक विज्ञान के प्रश्न पत्रों के लीक के स्रोत के रूप में एक और प्रमुख आरोपित की पहचान की है। महाराष्ट्र के पुणे स्थित सेठ हीरालाल सर्राफ प्रशाला में कार्यरत मनीषा संजय हवलदार को सीबीआई ने गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। वह नीट-यूजी 2026 परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थीं और एनटीए की ओर से विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त की गई थीं। उनके पास भौतिक विज्ञान के प्रश्न पत्रों तक पूरी पहुंच थी।

सीबीआई के अनुसार अप्रैल 2026 के दौरान उन्होंने नीट-यूजी 2026 परीक्षा के भौतिक विज्ञान विषय से संबंधित कुछ प्रश्न सह-आरोपित मनीषा मंधारे (जिन्हें 16-05-2026 को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है) के साथ साझा किए थे। उनकी ओर से साझा किए गए प्रश्न नीट-यूजी 2026 परीक्षा के भौतिक विज्ञान के प्रश्न पत्रों से मेल खाते हैं।

इस मामले में सीबीआई ने देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है और कई आपत्तिजनक दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त की गई वस्तुओं का विस्तृत विश्लेषण जारी है।

उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप में दी गई लिखित शिकायत के आधार पर 12 मई को मामला दर्ज किया था।

मामला दर्ज होते ही विशेष टीमें गठित की गईं और देशभर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाए गए, जिनमें से कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अबतक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिलियानगर से इस मामले में 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

विशेष टीमों की जांच जारी है और अबतक की गई जांच से प्रश्नपत्र लीक होने के असली स्रोत का पता चला है। छात्रों को जुटाने में शामिल बिचौलियों की भी पहचान कर ली गई है। नीट-यूजी-2026 परीक्षा में आने वाले प्रश्नपत्रों को बांटने वाले विशेष कोचिंग केंद्रों में भाग लेने के लिए लाखों रुपये का भुगतान किया था।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags