रेल मंत्री ने जालोर से दिल्ली के लिए पहली सीधी ट्रेन रवाना की, स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

22 May 2026 18:46:53
ट्रेन को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया।


जालोर, 22 मई (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को जालोर रेलवे स्टेशन से दिल्ली जाने वाली नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जयपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। जालोर से पहली बार राजधानी जयपुर और देश की राजधानी दिल्ली के लिए सीधा रेल संपर्क शुरू होने पर लोगों में भारी उत्साह नजर आया।

रेल मंत्री के जालोर स्टेशन पहुंचने पर लोगों ने मोदी और जय श्रीराम के जयकारे लगाए। स्टेशन परिसर में जेसीबी से फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आजादी के बाद से जालोर और पाली को जयपुर एवं दिल्ली से जोड़ने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब यह सौगात क्षेत्र की जनता को दी है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, व्यापार और लोगों की सुविधाओं से जुड़ा बड़ा कदम है। रेल मंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जनता को बधाई दी।

कार्यक्रम में सांसद लुंबाराम चौधरी ने रेल मंत्री का तलवार भेंट कर स्वागत किया। सांसद ने कहा कि जालोर की जनता लंबे समय से जयपुर और दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन की मांग कर रही थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री का जालोर के प्रति विशेष लगाव है और इसी कारण वे खुद उद्घाटन के लिए यहां पहुंचे। नई रेल सेवा शुरू होने से जालोर से दिल्ली पहुंचने में अब करीब 16 घंटे का समय लगेगा, जबकि भुज से दिल्ली का सफर लगभग 24 घंटे 30 मिनट में पूरा होगा। इससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

उद्घाटन समारोह के लिए जालोर रेलवे स्टेशन और ट्रेन को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया। स्टेशन परिसर में टेंट लगाकर लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी।

समारोह में जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों और स्थानीय लोगों की बड़ी मौजूदगी रही। इस दौरान राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित, सांचोर विधायक जीवाराम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

नई रेल सेवा को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कई लोगों ने इसे जालोर के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार जिले को दिल्ली और जयपुर से सीधा रेल संपर्क मिला है, जिससे शिक्षा, रोजगार, व्यापार और चिकित्सा सुविधाओं के लिए आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Powered By Sangraha 9.0