हारिस ने एआईटीए अंडर-14 लॉन टेनिस चैम्पियनशिप सीरीज में एकल खिताब जीता

22 May 2026 17:52:54
हारिस


प्रयागराज, 22 मई (हि.स)। संत जोसफ कॉलेज, प्रयागराज के कक्षा 8 के छात्र हारिस खान ने लखनऊ, उत्तर प्रदेश में 18 से 22 मई तक आयोजित एआईटीए चैम्पियनशिप सीरीज अंडर-14 लॉन टेनिस टूर्नामेंट में लगातार चौथे सप्ताह शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि युगल वर्ग में वह रनर-अप रहे।

यह जानकारी हारिस के कोच असद इकबाल और सैफ इकबाल ने शुक्रवार को देते हुए बताया कि हारिस ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। एकल मुकाबले के सेमीफाइनल में उन्होंने प्रतियोगिता के चतुर्थ वरीयता प्राप्त लखनऊ के तेजस सिंह को कड़े मुकाबले में 6-7(3), 7-6(6), 6-3 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में हारिस ने प्रतियोगिता के तृतीय वरीयता प्राप्त लखनऊ के युवराज सिंह को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराकर चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

युगल मुकाबले के फाइनल में हारिस खान और तेजस सिंह की जोड़ी को पटना के अंकुर आलोक एवं वाराणसी के आयुष्मान पाठक की जोड़ी के खिलाफ कड़े मुकाबले में 7-6(2), 7-6(4) से हार का सामना करना पड़ा। इस प्रकार हारिस और तेजस की जोड़ी को युगल वर्ग में रनर-अप स्थान से संतोष करना पड़ा।

हारिस की इस उपलब्धि पर उनके कोच असद इकबाल और सैफ इकबाल ने उन्हें बधाई दी तथा भविष्य के टूर्नामेंट्स में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Powered By Sangraha 9.0