
चंद्रपुर, 22 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही तालुका के गुंजेवाही इलाके में शुक्रवार को तेंदू पत्ता संग्रह के लिए जंगल गई महिलाओं पर बाघ ने हमला कर दिया। इस भीषण हमले में 4 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है।तेंदू पत्ता सीजन के दौरान जंगल में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर गंभीर हो गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसा, गर्मी के मौसम में तेंदू पत्ता तोड़ाई शुरू होने के कारण ग्रामीण बड़ी संख्या में जंगल में जा रहे हैं। आज तड़के गुंजेवाही गांव की कुछ महिलाएं हमेशा की तरह तेंदू पत्ता संग्रह के लिए जंगल गई थीं। सुबह करीब 8 बजे के आसपास जंगल में घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस हमले में चारों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे बाघ को जल्द से जल्द पकड़ने या नियंत्रित करने की मांग कर रहे हैं।
बाघ हमले की सूचना मिलते ही सिंदेवाही वन क्षेत्र अधिकारी अंजली सायंकर ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया। वन विभाग और पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा शुरू कर दिया है। मृत महिलाओं में कवडूबाई दादाजी मोहुर्ले (45), अनुबाई दादाजी मोहुर्ले (46), संगीता संतोष चौधरी (36) और सुनीता कौशिक मोहुर्ले (33) हैं। वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में सावधानी बरतने की अपील की है और संबंधित इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। -------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी