पावरलिफ्टर से अभिनेता बने सागर टगनैत, फिटनेस और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में बना रहे अलग पहचान

22 May 2026 22:46:53
पावरलिफ्टर से अभिनेता बने सागर टगनैत


नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। दिल्ली के पावरलिफ्टर और अभिनेता सागर टगनैत फिटनेस और मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। पावरलिफ्टिंग में सफलता हासिल करने के बाद अब वह बॉलीवुड और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं।

सागर टगनैत प्रसिद्ध पावरलिफ्टिंग चैंपियन डॉ. सोम टगनैत के बेटे हैं। उन्होंने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए फिटनेस जगत में वर्षों तक अनुशासन और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई। वह दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित प्रसिद्ध “मेटल जिम” से भी जुड़े रहे, जो वर्ष 2004 से संचालित हो रहा है।

पावरलिफ्टिंग और बॉडीबिल्डिंग में शानदार उपलब्धियांः सागर ने पावरलिफ्टिंग और बॉडीबिल्डिंग दोनों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

उन्होंने वर्ष 2017 में आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप इंडिया में जूनियर रॉ 125 किलोग्राम वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। इसी प्रतियोगिता में उन्होंने बेंच प्रेस खिताब भी अपने नाम किया। इसके अलावा वर्ष 2016 में उन्होंने सुभ्रता क्लासिक इंटरनेशनल बेंचप्रेस एंड डेडलिफ्ट चैंपियनशिप में भी जीत दर्ज की। बॉडीबिल्डिंग में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की और ओलंपिया एमेच्योर इंडिया 2021 में मेन्स क्लासिक फिजीक कैटेगरी में सेकेंड रनर-अप रहे।

बॉलीवुड और ओटीटी में बढ़ता सफरः फिटनेस की दुनिया में सफलता हासिल करने के बाद सागर ने अभिनय की ओर कदम बढ़ाया। उन्होंने अजय देवगन के साथ फिल्म औरों में कहां दम था से बॉलीवुड में शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में काम किया। वह सिटाडेल: हनी बनी में सामंथा रुथ प्रभु के साथ नजर आए, जबकि राणा नायडू में राणा दग्गुबाती के साथ भी उन्होंने काम किया। सागर इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट ग्लोरी को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें पुलकित सम्राट और जन्नत जुबैर भी नजर आएंगे। इसके अलावा वह जल्द रिलीज होने वाली फिल्म चोर निकल के भागा 2 में भी दिखाई देंगे।

“फिटनेस हमेशा मेरी पहचान का हिस्सा रहेगी” : सागर टगनैत

सागर ने फिटनेस और अभिनय के बीच संतुलन पर बात करते हुए कहा, “फिटनेस हमेशा मेरी पहचान का अहम हिस्सा रहेगी, लेकिन मैं खुद को सिर्फ एक पहचान तक सीमित नहीं रखना चाहता था। अभिनय ने मुझे नई चुनौती और खुद को रचनात्मक तरीके से व्यक्त करने का अवसर दिया है। जिम से फिल्म सेट तक का यह सफर बेहद चुनौतीपूर्ण, विनम्र और संतोष देने वाला रहा है।”

उल्लेखनीय है कि अपने खेल और अभिनय के अनुभव के दम पर सागर टगनैत अब भारत में फिटनेस स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के बीच बढ़ते संबंध का एक नया चेहरा बनकर उभर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा

Powered By Sangraha 9.0