संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय का चार जून को होगा समापन

युगवार्ता    22-May-2026
Total Views |
संघ के कार्यक्रम कि पत्रिका


- उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला होंगे मुख्य अतिथि

नागपुर, 22 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग (द्वितीय वर्ष) का समापन समारोह चार जून को नागपुर के रेशीमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं पद्मभूषण से सम्मानित कुमारमंगलम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह का मुख्य उद्बोधन संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत द्वारा किया जाएगा।यह जानकारी संघ के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच एक्स पर शुक्रवार को जारी की गई।

संघ का यह विशेष प्रशिक्षण वर्ग 11 मई से नागपुर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के विभिन्न प्रांतों से आए चयनित स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। लगभग 25 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में स्वयंसेवकों को वैचारिक, शारीरिक एवं सांगठनिक दक्षता का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संघ के अनुसार इस वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और संगठनात्मक कौशल का विकास करना है।

समारोह के मुख्य आकर्षण

मुख्य अतिथि: पद्मभूषण श्री कुमारमंगलम बिरला

मुख्य वक्ता: डॉ. मोहन भागवत, सरसंघचालक

विशेष प्रदर्शन: स्वयंसेवकों द्वारा शारीरिक विन्यास, समता एवं घोष (बैंड) प्रदर्शन

समारोह में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

कुमारमंगलम बिरला का परिचय

श्री कुमारमंगलम बिरला देश के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते हैं और वर्तमान में आदित्य बिरला समूह के अध्यक्ष हैं। कुमारमंगल बिरला का जन्म 14 जून 1967 को हुआ था। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से बी.कॉम. तथा लंदन बिजनेस स्कूल से एमबीए की शिक्षा प्राप्त की है। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट कुमारमंगलम ने 28 वर्ष की आयु में पिता आदित्य विक्रम बिरला के निधन के बाद समूह की कमान संभाली, उनके नेतृत्व में आदित्य बिरला समूह का कारोबार 2 बिलियन डॉलर से बढ़कर 65 बिलियन डॉलर से अधिक पहुंचा है। उनके नेतृत्व में हिंडाल्को, ग्रासिम, अल्ट्राटेक सीमेंट और वोडाफोन-आइडिया जैसी कंपनियों ने वैश्विक पहचान बनाई है। भारत सरकार ने वर्ष 2023 में उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया था। इसके अलावा वे बिट्स पिलानी के चांसलर तथा आईआईएम अहमदाबाद के पूर्व चेयरमैन भी रह चुके हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Tags