कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका, अंगकृष रघुवंशी आईपीएल 2026 से बाहर

22 May 2026 20:04:54
चोटिल अंगकृष रघुवंशी


नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)।कोलकाता नाइट राइडर्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के निर्णायक मोड़ पर बड़ा झटका लगा है। टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।

फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि अंगकृष को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के दौरान कन्कशन (सिर में चोट) और बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर हुआ था।

यह चोट 20 मई को ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में लगी, जब अंगकृष विकेटकीपिंग कर रहे थे। मुंबई इंडियंस की पारी के 11वें ओवर में तिलक वर्मा का कैच पकड़ने के प्रयास में उनकी टक्कर साथी खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती से हो गई। दोनों खिलाड़ी जमीन पर गिर पड़े और कैच छूट गया।

इसके बाद तिलक वर्मा के आउट होने के तुरंत बाद अंगकृष मैदान से बाहर चले गए और उनकी जगह तेजस्वी दहिया को सब्स्टीट्यूट विकेटकीपर के रूप में मैदान पर उतारा गया। बाद में कन्कशन नियम के तहत उन्हें मैच से बाहर कर दिया गया और दहिया ने प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह ली।

कोलकाता ने यह मुकाबला चार विकेट से जीत लिया था, लेकिन अब टीम को अपने सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज की कमी खलेगी।

21 वर्षीय अंगकृष रघुवंशी इस सीजन में केकेआर के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 42.2 की औसत और 146.52 के स्ट्राइक रेट से 422 रन बनाए हैं, जिसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं।

उनकी चोट ऐसे समय पर आई है जब कोलकाता नाइट राइडर्स को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच हर हाल में जीतना होगा। साथ ही टीम को अन्य मुकाबलों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0