वाई-फाई नेटवर्क के प्रसार को लेकर परामर्श पत्र पर टिप्पणियां और प्रति-टिप्पणियां भेजने की समयसीमा बढ़ी

22 May 2026 18:26:54
प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) ने देश में सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क के प्रसार को लेकर जारी किए गए परामर्श पत्र पर हितधारकों की प्रतिक्रिया जानने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब उद्योग संघ तथा विभिन्न हितधारक अपनी टिप्पणियां और प्रति-टिप्पणियां संशोधित तारीखों तक जमा कर सकेंगे।

संचार मंत्रालय के अनुसार टीआरएआई ने यह फैसला उद्योग संघों और विभिन्न हितधारकों से मिले अनुरोधों के बाद लिया है। हितधारकों ने इस महत्वपूर्ण विषय पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया तैयार करने के लिए नियामक से अतिरिक्त समय की मांग की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

सार्वजनिक वाई-फाई के इस परामर्श पत्र के लिए टीआरएआई की नई समयसीमा में टिप्पणियां भेजने की अंतिम तिथि 25 मई 2026 से बढ़ाकर 01 जून 2026 तक जबकि प्रति-टिप्पणियां भेजने की तिथि 08 जून 2026 से बढ़ाकर 15 जून 2026 तक कर दी है।

इस परामर्श पत्र से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए हितधारक नियामक प्राधिकरण के सलाहकार (ब्रॉडबैंड और नीति विश्लेषण) डॉ. अब्दुल कयूम से उनके टेलीफोन नंबर +91-11 20907757 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि यह परामर्श पत्र मूल रूप से टीआरएआई की ओ से 27 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था, जिसका उद्देश्य भारत में सार्वजनिक वाई-फाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत और सुलभ बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0