भोपाल में एआर रहमान के लाइव कॉन्सर्ट में उमड़ी भीड़, फिल्म पेद्दी के प्रमोशन के लिए जुटे सितारे

23 May 2026 23:59:53
भोपाल में एआर रहमान के लाइव कॉन्सर्ट


भोपाल, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भेल दशहरा मैदान में शनिवार की रात मशहूर संगीतकार और ऑस्कर विजेता गायक एआर रहमान लाइव कॉन्सर्ट करने के लिए पहुंचे। कॉन्सर्ट शुरू होने से पहले ही मैदान में फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दूर से पहुंचे लोग एआर रहमान की आवाज सुनने के लिए घंटों से इंतजार करते नजर आए। रहमान ने तेलुगू फिल्म पेद्दी के गाने ‘होलु लू’ गाया।

दरअसल, भोपाल के दशहरा मैदान में म्यूजिक कॉन्सर्ट के साथ साउथ के सुपर स्टार राम चरण की तेलुगु फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रमोशन के लिए यह आयोजन हुआ, जिसमें सितारों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। फिल्म पेद्दी के प्रमोशन के लिए सुपरस्टार राम चरण, जाह्नवी कपूर, रवि किशन और दिव्येंदु शर्मा भी मंच पर पहुंचे।

खबर लिखे जाने तक भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर कार्यक्रम जारी रहा। कार्यक्रम में एआर रहमान के गानों पर दर्शक थिरक रहे हैं। यहां मौजूद लोगों में सबसे ज्यादा युवा शामिल हैं।

कॉन्सर्ट शुरू होने से पहले अभिनेता रवि किशन ने मंच से कहा कि भोपाल ही नहीं, पूरे मध्य प्रदेश और नॉर्थ इंडिया में यहां से एक बड़ा संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लोग भोपाल की धरती पर क्यों पहुंचे हैं, इसकी जानकारी वे मंच से जरूर देंगे। इसके बाद मंच पर एआर रहमान के पहुंचते ही दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया।

मंच पर मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि मेरा यहां पर मंच पर आना ऐसा ही लग रहा होगा, जैसा दूरदर्शन में लिखा है, रुकावट के लिए खेद है। यह भोपाल की जनता है, जो कलाकारों को प्यार करती है।

प्रसिद्ध संगीतकार एआर रहमान ने कहा कि हमारी फिल्मों में हमेशा कुछ नया करने की कोशिश रहती है, इसलिए यह प्रोजेक्ट भी हमारे लिए बेहद खास है। आपने पहले भी मुझे हिंदी और तमिल फिल्मों के प्रमोशन में देखा है, लेकिन इस बार बात थोड़ी अलग है। उन्होंने कहा कि अब दक्षिण भारतीय सिनेमा की सीमाएं टूट रही हैं। तमिलनाडु के कलाकार हिंदी फिल्मों में काम कर रहे हैं और हिंदी सिनेमा के कलाकार तेलुगू फिल्मों का हिस्सा बन रहे हैं। यह एक खूबसूरत बदलाव है। मुझे लगा कि अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स पर काम करें।

यह मेरा तेलुगू सिनेमा में डेब्यू हैः दिव्येंदु

दिव्येंदु शर्मा ने कहा कि यह फिल्म मेरे लिए बेहद खास और महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह मेरा तेलुगू सिनेमा में डेब्यू है। जिस तरह आपने मुझे हिंदी सिनेमा और ओटीटी पर हमेशा प्यार दिया है, उसी तरह मुझे उम्मीद है कि इस फिल्म को रिलीज होने पर भी आप भरपूर प्यार देंगे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में मेरी शुरुआत इतनी शानदार, मजेदार और प्यार से भरी होगी।

फिल्म के मुख्य किरदार निभा रहे साउथ के सुपर स्टार राम चरण ने कहा कि आपके दिलों में हमारे लिए एक छोटी सी जगह बचा लीजिए। आगामी 4 जून को यह मूवी जरूर देख लीजिए। एमपी हमारे भारत हमारे देश के दिल की धड़कन कहा जाता है। फिल्म को प्रमोट करने बड़े दिल से इसको स्वीकार कीजिए। यह फिल्म आपको इंस्पायर करेगी। आप जरूर देखने जाएं। बच्चों के साथ जाएं।

फिल्म की अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने कहा कि बहुत कुछ सीखना चाहिए। जिस तरह से आपने अपने शहर को साफ सुथरा रखा है, हरा भरा रखा है। भोपाल में मन खुश हो गया। मैंने इससे बहुत कुछ सीखा है। जाह्नवी ने कहा कि आप लोगों ने आज हमें सुना, इसके लिए हम आपके आभारी हैं। राम चरण सर के आज सभी फैन हैं। ये मूवी भी सुपरहिट होगी।

फिल्म पेद्दी के बारे में

फिल्म पेद्दी चार जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। ये एक पैन इंडिया फिल्म है। बुच्ची बाबू के निर्देशन में बनी इस फिल्म को एआर रहमान ने म्यूजिक दिया है। ये जान्हवी कपूर की दूसरी तेलुगु फिल्म है। उन्होंने 2024 में फिल्म देवरा से तेलुगु सिनेमा में डेब्यू किया था। इससे पहले मुंबई के बीकेसी में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट आयोजित किया गया था, जहां फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0