रोजगार मेला युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाने की पहल : जितिन प्रसाद

23 May 2026 22:09:53
पत्रकारों से वार्ता करते जितिन प्रसाद


अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देते मंत्री, सांसद अनुराग शर्मा व डीआरएम व


अभ्यर्थियों को संबोधित करते मंत्री जतिन प्रसाद


- झांसी में आयोजित 19वें प्रधानमंत्री रोजगार मेले में 220 युवाओं को मिले नियुक्ति-पत्र

- देश भर के 47 स्थानों पर 51000 से अधिक अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र

झांसी, 23 मई (हि.स.)। झांसी रेल मंडल द्वारा पंडित दीनदयाल सभागार में 19वें प्रधानमंत्री रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें रेल मंत्रालय सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान देशभर के 51 हजार से अधिक चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता का सरकार पर भरोसा कर्मचारियों के व्यवहार और कार्यशैली से मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि हर युवा कर्मयोगी को अपने दायित्वों को जिम्मेदारी के साथ निभाना चाहिए क्योंकि आज सरकार की ताकत और सामर्थ्य उसके कर्मियों से ही है। उन्होंने यह भी कहा कि देशवासियों की आकांक्षाएं तेजी से बढ़ रही हैं और उन्हें पूरा करने में सार्वजनिक सेवा में आने वाले युवाओं की भूमिका अहम होगी।

इससे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने बताया कि रोजगार मेले की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। अब तक 18 रोजगार मेलों के माध्यम से 12 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसमें केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सांसद अनुराग शर्मा, अपर महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे शशि प्रकाश द्विवेदी तथा मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार भी मौजूद रहे। अतिथियों ने कुल 220 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।

नियुक्ति-पत्र पाने वालों में सर्वाधिक 196 अभ्यर्थी रेलवे विभाग से थे, जिनमें झांसी मंडल के 155 और प्रयागराज मंडल के 41 अभ्यर्थी शामिल रहे। इसके अलावा भारतीय डाक विभाग, ईएसआईसी, आईटीबीपी और बैंकिंग सेवाओं सहित अन्य विभागों के 24 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए।

केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अभ्यर्थियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस पारदर्शी प्रक्रिया से उन्हें रोजगार प्राप्त हुआ है, उसी पारदर्शिता को अपने कार्य व्यवहार में भी बनाए रखें।

सांसद अनुराग शर्मा ने इसे युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। जबकि मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि सरकारी सेवा प्राप्त करना जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है और नवनियुक्त युवा समाज के लिए प्रेरणा बनेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Powered By Sangraha 9.0