मप्र के सीधी में बिजली लाइन में स्पार्किंग से कच्चे मकान में लगी आग, जिंदा जले तीन मासूम

23 May 2026 20:57:53
सीधी जिले में कच्चे मकान में आग लगने के बाद उसे बुझाते हुए ग्रामीण


कलेक्टर मौके पर पहुंचे


- मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख, मृत बच्चों के परिजन को 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान

सीधी, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम कसिहवा में शनिवार को एक कच्चे मकान में लगी भीषण आग में तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को चपेट में ले लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घटना अत्यंत ही दुखद है। मृत बच्चों के परिजन को 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

जानकारी के अनुसार सीधी जिले के गोपद बनास तहसील अंतर्गत ग्राम कसिहवा में शनिवार दोपहर करीब एक बजे रामरतन साकेत के घर के पास बिजली के पोल से शार्ट-सर्किट होने से आग लग गई, जिसमें रामरतन की दो बेटियां कुमारी घुम्मु उर्फ संध्या साकेत (लगभग 6 वर्ष) कुमारी रिद्धि (लगभग 1.6 वर्ष) एवं एक बेटा नागेन्द्र (लगभग 3 वर्ष) की दर्दनाक मृत्यु हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी गांव के पुष्पराज मिश्रा ने बताया कि घर के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में स्पार्किंग हुई। चिंगारी पास में रखे बांस और सूखे सामान पर गिरी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरा कच्चा मकान आग की लपटों में घिर गया। घटना के समय घर बाहर से बंद था और अंदर तीनों बच्चे मौजूद थे। बच्चों की मां घर से जाते समय दरवाजा बाहर से बंद कर गई थी, जिससे बच्चे अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।

बच्चों के पिता रामरतन साकेत ने बताया कि उन्हें उनके सुपरवाइजर का फोन आया था, जिसने घर में आग लगने की जानकारी दी। उस समय उनकी पत्नी राशन लेने दुकान गई थी, जबकि तीनों बच्चे घर में अकेले थे। रामरतन साकेत ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा हैं। बड़ी बेटी स्कूल की छुट्टियों के कारण नानी के घर गई हुई थी। दूसरे नंबर की बेटी रिधि कक्षा एक में पढ़ती थी। हादसे में रिधि समेत तीन मासूमों की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। केस दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। वहीं, जानकारी मिलते ही सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री ने घटना पर लिया संज्ञान, राहत राशि की घोषणा की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सीधी जिले के ग्राम कसिहवा में शॉर्ट सर्किट से हुए एक हादसे में तीन बच्चों की मृत्यु हो जाने की घटना का त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि घटना अत्यंत ही दुखद एवं हृदय विदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिजन के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर ईश्वर से दिवगतों को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार परिजन के साथ है। मुख्यमंत्री ने परिजन के लिए राहत राशि भी घोषित की है। उन्होंने कहा है कि मृत बच्चों के परिजन को राज्य सरकार की ओर से 6-6 लाख रुपये आर्थिक सहायता दी जायेगी। उन्होंने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी, सीधी की ओर से परिजन को 20-20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता राशि दे दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा घटना पर तत्काल संज्ञान लेकर परिजन को 2-2 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा परिजन को 4-4 लाख रुपये राहत राशि देने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में जिला प्रशासन सीधी की ओर से 5-5 हजार रुपये के मान से 15 हजार रुपये अंत्येष्टि सहायता राशि एवं 20-20 हजार रुपये जिला रेडक्रास सोसाइटी सीधी की ओर से तत्काल सहायता राशि परिजन को दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0