रेल मंत्री ने जयपुर में 420 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- रेलवे में जल्द 1.78 लाख भर्तियां

युगवार्ता    23-May-2026
Total Views |
राेजगार मेला


जयपुर, 23 मई (हि.स.)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को जयपुर दौरे पर रहे। उन्होंने जयपुर स्थित कॉन्सटीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित रोजगार मेले में भाग लिया और विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित 420 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे में जल्द ही एक लाख 78 हजार पदों पर भर्ती निकाली जाएगी।

रोजगार मेले के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे में भर्ती प्रक्रिया को अब अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है। पहले भर्ती प्रक्रियाएं वर्षों तक चलती थीं, लेकिन अब वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू होने से युवाओं को पहले से जानकारी मिल रही है कि किस समय कौन-सी भर्ती निकलेगी। उन्होंने बताया कि रेलवे भर्ती प्रक्रिया को चार चरणों में विभाजित किया गया है। पहले क्वार्टर में लोको पायलट, दूसरे क्वार्टर में टेक्निशियन एवं अन्य तकनीकी पदों, तीसरे क्वार्टर में नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी जैसे स्टेशन मास्टर और जूनियर इंजीनियर तथा चौथे क्वार्टर में लेवल-1 पदों के नोटिफिकेशन जारी किए जाते हैं। इससे युवाओं को बेहतर तैयारी और नियमित अवसर मिल रहे हैं।

केंद्रीय रेल मंत्री ने इस अवसर पर राजस्थान में रेलवे विस्तार योजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे देशभर में 36 हजार किलोमीटर नए ट्रैक बिछाने पर कार्य कर रही है। राजस्थान में चल रहे रेलवे प्रोजेक्ट पूरे होने के बाद राज्य में लगभग 200 नई ट्रेनें चलाने की योजना है। उन्होंने बताया कि कोविड महामारी के बाद राजस्थान को 50 से अधिक नई ट्रेनें दी जा चुकी हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवा और उनके परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में रेल मंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें देश निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, लोकसभा सांसद मंजू शर्मा तथा विधायक गोपाल शर्मा भी मौजूद रहे।

देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित इस रोजगार मेले का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। प्रधानमंत्री ने एक साथ 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। रोजगार मेले के माध्यम से रेलवे, इसरो, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, डाक विभाग समेत विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Tags