सिखों के पवित्र स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट खुले, पहले दिन छह हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

23 May 2026 18:46:53
हेमकुण्ड साहिब यात्रा


चमोली/ज्योतिर्मठ, 23 मई (हि.स.)। देश-विदेश के सिख श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही समुद्र तल से लगभग 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र स्थल पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। यात्रा के पहले ही दिन छह हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर मत्था टेका और गुरु घर में अरदास की।

शनिवार सुबह पंच प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब को सतखंड से दरबार साहिब तक पारंपरिक सम्मान के साथ सुशोभित किया गया। सुखमणी साहिब के पाठ और शबद कीर्तन के बाद गुरुद्वारे के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर वर्ष 2026 की पहली अरदास और हुक्मनामा के साथ श्री हेमकुंड साहिब यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि इस वर्ष भारी बर्फबारी के बावजूद यात्रा को समय पर शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की गईं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग और गुरुद्वारा परिसर से बर्फ हटाने का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, जिसे सेना, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से नौ स्वतंत्र पर्वतीय ब्रिगेड ग्रुप, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और यात्रा सुविधा को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

उत्तराखंड हिमालय की बर्फीली चोटियों के बीच स्थित हेमकुंड साहिब सिख समुदाय के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में शामिल है। हर वर्ष देश और विदेश से लाखों श्रद्धालु कठिन पर्वतीय यात्रा कर यहां पहुंचते हैं। इस वर्ष भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

Powered By Sangraha 9.0