
नाेट- घटना के दिन में संशाेधन कर पुन: जारी किया गया है।
भटकल, 24 मई (हि.स.)। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल तालुक के तट्टेहक्कलु नदी क्षेत्र में रविवार को बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में सीपियां (कप्पेचिप्पु) निकालने के दाैरान अचानक पानी का जलस्तर बढ़ने से एक ही परिवार के नाै लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। दो अन्य की तलाश अभी भी जारी है। मुख्यमंत्री ने घटना पर शाेक जताया और मृतकाें के परिजनाें काे
राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक काे पांच लाख रुपये देने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार पडुशिराली शारदहोळे गांव के 14 लोग आज सुबह तट्टेहक्कलु नदी में सीप निकालने गए थे। नदी में सीप निकालने के
दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और पानी के तेज बहाव व भंवर में फंस कर कई लोग बह गए। स्थानीय मछुआरों और ग्रामीणों की मदद से जब तक लोगों को निकाला गया, तब तक नाै लाेगाें की माैत हाे गई। मछुआरों और ग्रामीणों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। अग्निशमन दल, स्थानीय मछुआरे और राहत टीमें नदी में लगातार खोज अभियान चला रही हैं।
पुलिस के अनुसार मृतकों में एक पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं। इनकी पहचान लक्ष्मी मादेव नायक (38), लक्ष्मी शिवराम नायक (39), मालती जट्टप्पा नायक (38), मास्तम्मा मंजुनाथ नायक (43), लक्ष्मी नायक, लक्ष्मी अण्णप्पा नायक (44), ज्योति नायक (37), उमेश मंजुनाथ नायक (42) और मंजम्मा के रूप में हुई है। अभी दाे अन्य लोग लापता हैं जिनकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। नदी से निकाले गए नौ शवों को भटकल तालुक सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को मानवीय आधार पर पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि देगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अभी कुछ लोगों के लापता होने की सूचना है और उनकी तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से लापता व्यक्तियों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील सक्सेना