एनएमडीसी ने दक्षिण बस्तर के 17 गांवों में लगाया समर कैंप, 1700 बच्चे लेंगे भाग

24 May 2026 16:09:54
दंतेवाड़ा जिले के एक गांव में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) के समर कैंप में गतिविधियों में भाग लेते बच्चे।


नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) ने दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में जनजातीय समुदायों के बच्चों के लिए 17 गांवों में समर कैंप शुरू किया है। यह कैंप 20 मई से शुरू किया गया है, जो 15 जून तक चलेगा।

केंद्रीय स्पात मंत्रालय के अनुसार इस पहल के तहत करीब 1700 बच्चों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अनुभवात्मक शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और खेलों से जोड़ा जाएगा। अधिकांश गांवों में गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं, जबकि बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। वर्तमान में प्रत्येक गांव में प्रतिदिन 30 से 40 बच्चे कैंप में भाग ले रहे हैं। कैंप में बच्चे प्रतिदिन तीन से चार घंटे तक पठन-पाठन, शिल्पकला और संगीत कार्यशालाओं में हिस्सा ले रहे हैं। इसके बाद फ्रिसबी, कबड्डी और खो-खो जैसे खेल आयोजित किए जा रहे हैं। दिन का समापन पौष्टिक अल्पाहार के साथ किया जा रहा है।

एनएमडीसी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रचनात्मक शिक्षा के अवसर सीमित होने के कारण यह पहल बच्चों की प्रतिभा और आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी। कंपनी की ओर से इसे गांवों के समग्र विकास और वंचित समुदायों के बच्चों में सामाजिक एवं आत्मविश्वास से जुड़ी क्षमताओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। समर कैंप में बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में इस पहल का और विस्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0