अमेरिकी विदेशमंत्री कल आगरा में करेंगे ताजमहल का दीदार

24 May 2026 11:14:53
भारत पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री, सोमवार को करेंगे ताज का दीदार


आगरा , 24 मई (हि.स.)। अमेरिकी विदेशमंत्री मार्को रूबियो सोमवार को ताजमहल का दीदार करेंगे। वह सोमवार को विशेष वायुयान से आगरा पहुंचेंगे। रूबियो भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। वह शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सेवा तीर्थ में मुलाकात कर चुके हैं।

अमेरिकी विदेशमंत्री का भारत दौरा पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव एवं वैश्विक घटनाक्रमों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया गया है कि रूबियो सोमवार को वायुसेना के खेरिया स्थिति एयरपोर्ट पर सुबह करीब 9:30 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद सीधे यहां से ताजमहल जाएंगे।ताजमहल में सुबह करीब 10:05 बजे से 11:05 बजे तक उनके रुकने का कार्यक्रम है।

अमेरिकी विदेश मंत्री का काफिला खेरिया एयरपोर्ट से शिल्पग्राम पहुंचेगा। शिल्पग्राम से बैटरी चलित गोल्फ कार्ट मैं बैठकर वह ताजमहल के पूर्वी गेट पहुंचेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री के आगरा भ्रमण के मद्देनजर केंद्रीय एवं प्रांतीय खुफिया एजेंसी सतर्क हैं। ताजमहल के आसपास के होटलों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

अमेरिका की एडवांस सुरक्षा टीम ने शनिवार को खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और आगरा के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सुरक्षा के संबंध बातचीत की। अमेरिकी विदेश मंत्री के ताजमहल भ्रमण के दौरान आम पर्यटकों के लिए ताजमहल खुला रहेगा। उल्लेखनीय है कि किसी राष्ट्रध्यक्ष के ताजमहल भ्रमण के दौरान ही ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहता है। स्थानीय पुलिस प्रशासन भी अमेरिकी विदेशमंत्री के प्रस्तावित आगरा दौरे को लेकर मुस्तैद है।

अमेरिकी विदेशमंत्री आगरा से जयपुर जाएंगे। इसके अलावा अमेरिकी विदेशमंत्री का कोई अन्य कार्यक्रम सामने नहीं आया है लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर एक पांच सितारा होटल में अल्प विश्राम की व्यवस्था की गई है। डीसीपी आगरा सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि अमेरिकी विदेशमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के आगरा सर्किल की अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिता कुमार ने बताया कि अभी तक अमेरिकी विदेशमंत्री के विजिट को लेकर ताजमहल को आम दर्शकों के लिए बंद किए जाने संबंधी कोई निर्देश नहीं है। इसलिए ताजमहल सोमवार को सामान्य तौर पर खुला रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay

Powered By Sangraha 9.0