अमित शाह करेंगे सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा, सुरक्षा व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

25 May 2026 18:06:53
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अगले कुछ दिनों में देश के विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करेंगे और सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे। इस दौरान वह सुरक्षा बलों के जवानों से संवाद करने के साथ-साथ सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे।

गृहमंत्री अमित शाह के कार्यालय के मुताबिक गृहमंत्री 25 मई की रात राजस्थान के बीकानेर पहुंचेंगे। इसके बाद 26 मई की सुबह वह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सीमा चौकी सांचू का दौरा करेंगे। वहां वह जवानों से बातचीत करेंगे तथा सुरक्षा बलों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

इसके बाद दोपहर दो बजे बीकानेर में सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बैठक में गृह मंत्रालय, राजस्थान सरकार और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। साथ ही राजस्थान के पांच सीमावर्ती जिलों के जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहेंगे।

गृहमंत्री 29 मई को गुजरात के भुज का दौरा करेंगे। इस दौरान वह बीएसएफ की सीमा चौकी का निरीक्षण करेंगे और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हरामी नाला क्षेत्र का भी दौरा करेंगे।

इसके बाद जून में उनका पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के सीमावर्ती इलाकों का दौरा प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अनुसार 5 जून को वह त्रिपुरा में सीमा क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जबकि 15 जून के आसपास पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों का प्रवास करेंगे। वहां भी वह सीमा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे और सुरक्षा बलों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0