ब्रिक्स 2026 : भारत ने पर्यटन कार्य समूह की पहली बैठक की, जयपुर में होगी मंत्रियों की बैठक

25 May 2026 21:48:53
पर्यटन कार्य समूह की पहली बैठक


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। वैश्विक पर्यटन क्षेत्र में अपनी मजबूत धाक जमाते हुए भारत ने सोमवार को ब्रिक्स 2026 पर्यटन कार्य समूह (टीडबल्यूजी) की उद्घाटन बैठक की सफलतापूर्वक अध्यक्षता की। वर्चुअल माध्यम से आयोजित यह बैठक भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स पर्यटन सहयोग की दिशा में एक बड़ा और पहला कदम है।

पर्यटन मंत्रालय के अनुसार इस वर्ष भारत के पास ब्रिक्स देशों के पर्यटन सहयोग की कमान है, जिसके तहत पहली बार सदस्य देशों ने वैश्विक स्तर पर अपने पर्यटन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत चर्चा की।

इस बैठक की कमान पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त सचिव (पर्यटन) ने संभाली। बैठक लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण विषय पर आधारित थी।

इसका उद्देश्य वर्ष 2026 के पर्यटन सहयोग एजेंडा को आगे बढ़ाना और सदस्य देशों के बीच शुरुआती विचारों का आदान-प्रदान करना था।

बैठक के दौरान भारत ने पर्यटन क्षेत्र के सतत विकास, कौशल विकास और यात्रा को अधिक सुगम व सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया। भारत की अध्यक्षता में जिन कई विषयगत प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई। इनमें एआई और पर्यटन, सतत और जिम्मेदार पर्यटन, कौशल विकास औरसुगम यात्रा सुविधा शामिल है।

इस उद्घाटन वर्चुअल बैठक से मिली सफलता और गति को आगे बढ़ाते हुए, आगामी बैठकें आमने-सामने मोड में 19-20 अगस्त 2026 को जयपुर (राजस्थान) में दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा, 21-22 अगस्त 2026 को जयपुर में ही ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक का आयोजन किया जाएगा। ये दोनों बैठकें ब्रिक्स सदस्य देशों को अपने आपसी सहयोग को मजबूत करने और साझा पर्यटन एजेंडा को एक ठोस धरातल पर ले जाने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेंगी। भारत को उम्मीद है कि इन रणनीतिक समझौतों के माध्यम से वर्ष 2026 के दौरान ब्रिक्स देशों के बीच पर्यटन साझेदारी और अधिक गहरी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0