(अपडेट)मप्र के धार में बनेगा भोजशाला लोक और भोज शोध संस्थान : मोहन यादव

25 May 2026 17:14:53
भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन करते हुए मुख्यमंत्री


भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन करते हुए मुख्यमंत्री


- भोजशाला आंदोलन के शहीदों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा

धार, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि भोजशाला आंदोलन में शहीद हुए तीन बलिदानियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने धार में भोजशाला लोक और भोज शोध संस्थान बनाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धार प्रवास के दौरान ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचे थे। उन्होंने यहां माँ वाग्देवी की पावन भूमि धार में स्थित भोजशाला मंदिर में दर्शन-पूजन कर सभी के मंगल और कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मोतीबाग चौक में आयोजित आमसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक नीना विक्रम वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘जय जय सियाराम’ के उद्घोष के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा के पावन अवसर पर उन्हें साढ़े सात सौ साल के इंतजार के बाद भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की बसंत पंचमी के बाद धार का इतिहास बदलने लगा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ भगवान राम के नाम पर लोगों को लड़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि साढ़े सात सौ साल के संघर्ष के बाद भोजशाला को लेकर जो निर्णय आया है, उसके लिए धारवासियों को बधाई दी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार किसी कारणवश विकास की दौड़ में पीछे रह गया था, लेकिन अब भोजशाला में दर्शन करने के बाद धार के विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने भोजशाला लोक और भोज शोध संस्थान बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोजशाला आंदोलन में शहीद हुए बलिदानियों के परिजनों का मंच पर सम्मान किया। इस दौरान शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई।

कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने देवी सागर तालाब पहुंचकर ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ और ‘गंगा दशहरा’ कार्यक्रम के तहत श्रमदान किया। उन्होंने जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रदेश में करोड़ों रुपये की लागत से जल संरक्षण के कई कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज उन्हें इतना आनंद मिला है कि मानो होली और दीपावली एक साथ मन गई हो। उन्होंने कहा कि सूर्य देवता भी अपने तेज ताप से खुशी प्रकट कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0