
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में पार्टी की जीत पर कहा कि जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य में अब तृणमूल कांग्रेस की धमकी, हिंसा और जिहादी मानसिकता उसे स्वीकार नहीं है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, ''फलता में प्रचंड जीत ने ममता बनर्जी की जिहादी राजनीति को करारा जवाब दिया है। जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की धमकी, जिहादी मानसिकता, हिंसा और सिंडिकेट आधारित राजनीति उसे स्वीकार नहीं है।''
उन्होंने कहा कि जिस सीट को तृणमूल कांग्रेस अपना मजबूत गढ़ मानती थी, वहां भाजपा की ऐतिहासिक जीत यह साबित करती है कि बंगाल में परिवर्तन की लहर तेज हो चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले और भय का माहौल बनाने की कोशिशों के बावजूद जनता ने लोकतंत्र के पक्ष में मतदान कर ममता को करारा जवाब दिया है।
पश्चिम बंगाल में घुसपैठ पर चुग ने कहा कि सरकार अवैध घुसपैठियों के निर्वासन के लिए 23 जिलों में 'होल्डिंग सेंटर' स्थापित
कर रही है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ने राज्य के सभी 23 जिलों में अवैध बांग्लादेशी, रोहिंग्या और अन्य घुसपैठियों के निर्वासन की प्रतीक्षा में उन्हें रखने के लिए 'होल्डिंग सेंटर' स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह वही प्रक्रिया है जिसे पूर्ववर्ती ममता सरकार ने गृह मंत्रालय की गाइडलाइन की अनदेखी करते हुए एक वर्ष से अधिक समय तक जानबूझकर बाधित कर रखा था।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी