
भागलपुर, 26 मई (हि.स.)। बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। खराब मौसम के कारण जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। तेज हवा और बारिश से कई स्थानों पर पेड़ तथा बिजली के खंभे गिर गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने मंगलवार को पांच लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी आश्रितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा राशि प्रदान कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि तेज आंधी के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर निकाय, बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार राहत और बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।
इस बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। कई जगहों पर जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़कों से पेड़ हटाने का कार्य किया गया, ताकि आवागमन सामान्य हो सके। बिजली विभाग की टीम भी गिरे हुए पोल और तारों की मरम्मत में लगी हुई है।
जिलाधिकारी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने पर लोग खुले स्थानों, कमजोर संरचनाओं और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।
मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य किया जा सके।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर