लेबनान के समर्थन में ईरान, अराघची ने संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर दोहराया रुख

26 May 2026 00:08:53

तेहरान, 26 मई (हि.स.)। ईरान ने लेबनान के समर्थन में अपना रुख दोहराते हुए कहा है कि वह क्षेत्रीय तनाव के बीच लेबनान की संप्रभुता और उसकी क्षेत्रीय अखंडता के साथ मजबूती से खड़ा है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस संबंध में लेबनान के शीर्ष नेताओं को संदेश भेजकर समर्थन व्यक्त किया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, लेबनानी संसद स्पीकर नबीह बेरी और हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम को रेजिस्टेंस एंड लिबरेशन डे पर संदेश भेजकर लेबनान की सरकार, जनता और रेजिस्टेंस को बधाई दी। अपने संदेश में उन्होंने लेबनान की सरकार, जनता और प्रतिरोध समूहों की भूमिका की सराहना की।

यह दिवस वर्ष 2000 में दक्षिणी लेबनान से इजराइली सेना की वापसी की याद में मनाया जाता है और लेबनान में इसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अवसर माना जाता है।

ईरान का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब क्षेत्रीय हालात पहले से तनावपूर्ण बने हुए हैं। हाल ही में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने हिजबुल्लाह की आलोचना करते हुए उस पर लेबनान-इजराइल वार्ता प्रक्रिया में सहयोग न करने के आरोप लगाए थे।

उधर, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किसी संभावित समझौते में लेबनान से जुड़े सुरक्षा और संघर्ष संबंधी मुद्दों को शामिल किया जाएगा या नहीं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0