केवीआईसी जल्द ही 'खादी इंडिया' उत्पादों के लिए एक नया ई-कॉमर्स पोर्टल शुरू करेगा

26 May 2026 17:31:53
केवीआईसी के वित्त वर्ष 2025-26 के आंकड़े जारी करते चेयरमैन मनोज कुमार


केवीआईसी के वित्त वर्ष 2025-26 के आंकड़े जारी करते चेयरमैन मनोज कुमार


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स)। खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के चेयरमैन मनोज कुमार ने मंगलवार को कहा कि केवीआईसी जल्द ही ‘खादी इंडिया’ उत्पादों के लिए अपने ई-कॉमर्स पोर्टल का नया संस्करण पेश करेगा।

नई दिल्ली में राजघाट के गांधी दर्शन पर स्थित केवीआईसी के कार्यालय में वित्त वर्ष 2025-26 के अनंतिम आंकड़े जारी करते हुए मनोज कुमार ने कहा कि आयोग ने उत्पादन, बिक्री और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कुमार ने कहा कि केवीआईसी अब नए भारत में डिजिटल बदलाव की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में हम खादी का ई-कॉमर्स पोर्टल पेश करने जा रहे हैं, जो आधुनिक होगा और ‘जेनरेशन जेड’ के लिए उपयुक्त होगा। हम अपने संपूर्ण डिजिटल परिवेश को नया रूप दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि शॉपिफाई द्वारा संचालित यह उन्नत ई-कॉमर्स पोर्टल वैश्विक मानकों के अनुरूप होगा और उपयोगकर्ता को बेहतर अनुभव कराएगा। इसमें उत्पादों को आसानी से खोजने के लिए स्पष्ट रूप से परिभाषित श्रेणियां और उपयोगकर्ताओं के लिए ‘शॉप द लुक’ जैसे ‘इंटरैक्टिव’ तत्व होंगे। मोबाइल-फर्स्ट दृष्टिकोण के साथ डिजाइन किए गए इस मंच में उच्च-रिजॉल्यूशन वाले तस्वीरों के माध्यम से बेहतर तरीके से उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा और भुगतान की बेहतर सुविधाएं होंगी। इसके अलावा यह मंच ब्रांड की कहानी को भी सशक्त बनाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0