मप्र के खजुराहो में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का काउंटडाउन महोत्सव, केंद्रीय आयुष मंत्री पहुंचे

26 May 2026 23:06:53
खजुराहो पहुंचे केन्द्रीय आयुष मंत्री जाधव


खजुराहो में मीडिया से बातचीत करते हुए केन्द्रीय आयुष मंत्री जाधव


भोपाल, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध हेरिटेज स्थल खजुराहो में बुधवार, 27 मई को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 25वें दिन का काउंटडाउन महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव मंगलवार शाम को खजुराहो पहुंचे।

जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि बुधवार को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस क इस प्री-इवेंट में क्षेत्रीय सांसद वी.डी. शर्मा और योग आयोग के अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भी इस कार्यक्रम में व्यक्तिगत या वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।

हीटवेव के कारण कार्यक्रम की अवधि सीमित

बताया गया है कि मौसम विभाग के खजुराहो में तीव्र हीटवेव और रेड अलर्ट जारी किए जाने के कारण आयोजकों ने कार्यक्रम को संक्षिप्त रखने का निर्णय लिया है। यह आयोजन बुधवार सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक चलेगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद अतिथियों का उद्बोधन होगा। कार्यक्रम के अंतिम आधे घंटे में 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा, जिसके बाद प्रतिभागियों को 'आयुष आहार' वितरित किया जाएगा।

स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग की थीम पर आयोजन

खजुराहो पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि 21 जून को होने वाले मुख्य राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की थीम योगा फार हेल्दी एजिंग (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है। इस वर्ष का मुख्य राष्ट्रीय आयोजन कोलकाता में होगा। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग अवस्था में निरोगी रहने के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अनिवार्य है।

देशभर में 100 दिनों से जारी हैं तैयारियां

मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के निदेशक डॉ. काशीनाथ समगंडी के अनुसार, योग दिवस की तैयारियां 100 दिन पहले ही शुरू हो गई थीं। नई दिल्ली, बुलढाणा और हैदराबाद के सफल आयोजनों के बाद खजुराहो में यह अंतिम बड़ा प्री-इवेंट है। केन्द्रीय आयुष मंत्री जाधव ने नागरिकों से अपील की है कि वे भीषण गर्मी के चलते सरकारी एडवाइजरी का पालन करें और धूप में बाहर निकलने से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0