मप्र के पन्ना में कुआं धंसने से मलबे में दबे पांच मजदूर, दो के शव बरामद

26 May 2026 15:08:53
पन्ना में कुआं धंसने के बाद मलबे में दबे श्रमिकों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान


पन्ना में कुआं धंसने के बाद मलबे में दबे श्रमिकों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान


पन्ना में कुआं धंसने के बाद मलबे में दबे श्रमिकों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान


पन्ना, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में मंगलवार को दोपहर एक खेत पर कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई। इससे पांच मजदूर मलबे में दब गए। राहत और बचाव कार्य के दौरान खबर लिखे जाने तक दो मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए है, जबकि 3 अन्य मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत कार्य जारी है।

ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा निवासी बिन्नू अहिरवार के खेत पर लगभग 10 दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई का काम कर रहे थे। मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे दो मजदूर पानी पीने के लिए कुएं से बाहर निकलकर ऊपर आए थे। उनके ऊपर पहुंचते ही कुएं की कमजोर और गीली मिट्टी अचानक भरभरा कर नीचे ढह गई। इससे कुएं के भीतर गहराई में काम कर रहे पांच मजदूर मलबे के नीचे पूरी तरह दब गए। घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक राहत एवं बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा है।

काफी देर तक प्रशासन की तरफ से कोई बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीणों ने खुद जेसीबी मंगाकर मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दो मजदूर -राजकुमार यादव और चुनवाद पाल का शव मलबे से बाहर निकाल लिया। अभी 3 मजदूर चुन्नू यादव, आशीष यादव और एक अन्य मलबे में दब हुए हैं। जेसीबी से मिट्टी हटाकर दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या ग्रामीण भी मौजूद हैं।

मृतक मजदूर के परिजन ने रोते हुए बताया कि यह कुआं पिछले साल की खुदाई और पानी की वजह से पहले से ही कटा हुआ और खतरनाक था। कोई भी मजदूर वहां काम करने को तैयार नहीं था। आरोप है कि इसके बावजूद ग्राम प्रधान ने जबरन काम चालू रखा। परिजनों का आरोप है कि हादसे को तीन घंटे से ज्यादा हो गए, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीण खुद जेसीबी मंगाकर मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0