मालदा में सड़क अवरोध और न्यायिक अधिकारियों की हिरासत मामले में 15 आरोपित गिरफ्तार

26 May 2026 15:07:53
एनआईए


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में पिछले महीने यातायात बाधित करने और न्यायिक अधिकारियों की अवैध हिरासत के मामलों में 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें 12 आरोपित एक महिला न्यायिक अधिकारी को लगभग आठ घंटे तक सड़क पर रोक कर रखने में शामिल थे, जबकि तीन अन्य ने मोथाबाड़ी ब्लॉक के बागमारा पुल पर सड़क जाम किया था।

एनआईए ने यह कार्रवाई चुनाव आयोग के निर्देश पर की, जब सर्वोच्च न्यायालय ने इन घटनाओं पर स्वतः संज्ञान लिया था। एजेंसी ने सोमवार को मालदा जिले में विशेष अभियान चलाकर सभी आरोपितों को पकड़ा।

जांच में सामने आया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान न्यायिक अधिकारियों को निशाना बनाया गया। प्रदर्शनकारियों ने पहले हैबतौला‑अमलितौला मार्ग पर महिला न्यायिक अधिकारी को घंटों तक बंधक बनाए रखा। इसके बाद बागमारा पुल पर सड़क अवरोध कर यातायात बाधित किया गया। इन घटनाओं को चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने और न्यायिक अधिकारियों को डराने की सुनियोजित कोशिश माना जा रहा है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपितों में जोशिम शेख, असमाउल शेख, आलमगीर शेख, नुरुल इस्लाम और हबीबुर रहमान शामिल हैं। एनआईए ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। एजेंसी इन घटनाओं के पीछे की साजिश तथा न्यायिक अधिकारियों की हिरासत के मकसद को उजागर करने की कोशिश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0