सोमनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन के नाम पर ऑनलाइन ठगी, ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को किया सतर्क

युगवार्ता    26-May-2026
Total Views |
सोमनाथ मंदिर


गीर सोमनाथ, 26 मई (हि.स.)। देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर अब डिजिटल ठगों के निशाने पर आ गया है। सोमनाथ दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को वीवीआइपी दर्शन या स्पेशल एंट्री दिलाने के नाम पर सोशल मीडिया और फर्जी वेबसाइटों के जरिए ठगी किए जाने के मामले सामने आए हैं। इसे देखते हुए श्री सोमनाथ ट्रस्ट ने भक्तों से सतर्क रहने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

ट्रस्ट के जनरल मैनेजर विजयसिंह चावड़ा ने स्पष्ट किया है कि सोमनाथ मंदिर में किसी भी प्रकार की वीवीआइपी दर्शन, स्पेशल दर्शन या पैसे लेकर विशेष प्रवेश की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की समान व्यवस्था है। यदि कोई व्यक्ति, एजेंट या थर्ड पार्टी वेबसाइट वीवीआइपी पास या स्पेशल टिकट के नाम पर पैसे मांगती है, तो वह पूरी तरह फर्जी और गैरकानूनी है।

ऑनलाइन ठग कैसे बना रहे हैं श्रद्धालुओं को शिकार?

ट्रस्ट के आईटी और सिक्योरिटी विभाग के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से साइबर ठग ऑनलाइन सर्च प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग कर रहे हैं। ये लोग सर्च इंजन पर फर्जी लिंक और पेड विज्ञापन डालकर वीवीआइपी टिकट उपलब्ध होने का झूठा दावा करते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी स्पेशल एंट्री के नाम पर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है।

कुछ मामलों में श्रद्धालुओं को सीधे फोन कर या ऑनलाइन पेमेंट लिंक भेजकर तुरंत पैसे ट्रांसफर कराने की कोशिश भी की गई है।

बुकिंग के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का करें इस्तेमाल

ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पूजा, रूम बुकिंग या प्रसाद से जुड़ी किसी भी सेवा के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें। किसी भी अनजान वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज, मोबाइल ऐप या एजेंट के झांसे में न आएं।

ट्रस्ट ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

ऑनलाइन ठगी और फर्जी लिंक पर रोक लगाने के लिए ट्रस्ट ने सख्त कानूनी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। ट्रस्ट की आईटी टीम लगातार डिजिटल निगरानी कर रही है और भ्रामक वेबसाइटों तथा फर्जी जानकारी को हटाने के लिए google.com� को भी रिपोर्ट किया गया है।

इसके अलावा, इस पूरे ऑनलाइन ठगी रैकेट में शामिल अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

यदि कोई व्यक्ति सोमनाथ मंदिर में वीवीआइपी दर्शन या स्पेशल पास दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और इसकी सूचना पुलिस या सोमनाथ ट्रस्ट की आधिकारिक हेल्पलाइन पर दें, ताकि साइबर ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags