
रणवीर सिंह इन दिनों फिल्म 'डॉन 3' को लेकर उठे विवाद के कारण चर्चा में हैं। हाल ही में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने अभिनेता के खिलाफ 'नॉन कॉपरेटिव डायरेक्टरी' जारी कर दी थी। इसके तहत फेडरेशन से जुड़े कर्मचारी, टेक्नीशियन और सदस्य अब रणवीर सिंह या उनकी किसी परियोजना के साथ काम नहीं करेंगे। इस पूरे मामले पर अब अभिनेता की टीम की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है।
रणवीर सिंह की टीम ने जारी बयान में कहा, रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और 'डॉन 3' से जुड़े सभी लोगों के प्रति गहरा सम्मान रखते हैं। उन्होंने जानबूझकर चुप्पी बनाए रखी है, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ संभाला जाना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक बयानबाजी या अटकलों में शामिल होना जरूरी नहीं समझा है। फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने काम और आगामी प्रतिबद्धताओं पर है।
दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब रणवीर सिंह ने कथित तौर पर फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से खुद को अलग कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता और निर्माताओं के बीच रचनात्मक मतभेद सामने आए थे। बताया जा रहा है कि फिल्म की तैयारियां काफी आगे बढ़ चुकी थीं, ऐसे में रणवीर के प्रोजेक्ट छोड़ने से निर्माताओं को बड़ा नुकसान हुआ। इसी के बाद एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अभिनेता से 40 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की, जिसके बाद मामला और बढ़ गया तथा एफडब्ल्यूआईसीई को हस्तक्षेप करना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे